उदयपुर. रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव कुकर में पका खाना व मिक्सी में पिसा मसाला पसंद नहीं करते। उनकी स्पेशल ट्रेन (सैलून) में मिक्सी और कुकर प्रतिबंधित हैं। लालू ठेठ देहाती भोजन पसंद करते हैं, जिसके मसाले सिलबट्टे पर पीसकर ही तैयार होते हैं। इसके लिए उन्होंने स्टाफ को सख्त निर्देश दे रखे हैं कि जिस स्पेशल सैलून में वे यात्रा करें, उसकी पेंट्री से कुकर और मिक्सी बाहर कर दिए जाएं।
उदयपुर यात्रा पर आए रेलमंत्री के पर्सनल स्टाफ ने लालूजी की पसंद व दिलचस्प पहलुओं की जानकारी दी। कर्मचारी अपने साहब और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सादगी के कायल हैं। स्पेशल कोच के बारे में उन्होंने बताया कि लाल रंग की स्पेशल सैलून ‘2 एक्स’ किसी होटल के सूट का मिनी स्वरूप है, जिसमें सोफे आदि लगे हैं। फस्र्ट एसी के कूप की तरह इसमें दो लोगों के बैठने की व्यवस्था है। दिन में सीटें सोफा बन जाती हैं और विश्राम के समय यह आरामदायक बिस्तर हो जाता है।
आमने-सामने की बजाय सिर्फ एक ओर ही यह सीट है। सामने वाली जगह खाली है ताकि टेबल-कुर्सी आदि रखी जा सके। सुरक्षा कारणों से उसमें बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित है। केबिन के दोनों दरवाजों पर कमांडो तैनात रहते हैं।
चाय में पसंद नहीं दूध
लालू और उनकी पत्नी चाय के शौकीन हैं, किन्तु दोनों को चाय में दूध पसंद नहीं। दोनों लेमन-टी पसंद करते हैं। लालू शाकाहारी हैं और उन्हें सब्जियों में चटपटापन पसंद है। उन्हें खासकर बैंगन और आलू का चोखा पसंद है जो बिहार की लोकप्रिय डिश है। खाने की शौकीन लालू अक्सर ट्रेन के किचन में पहुंच जाते हैं और तैयार हो रहे भोजन का जायजा लेने लगते हैं।
कभी-कभार वे विशेष डिश की फरमाइश भी करते हैं। नई जगह पर वे स्थानीय व्यंजनों के बारे में पूछताछ ही नहीं करते, बल्कि स्टाफ से बनवाते भी हैं। कर्मचारियों ने बताया कि लालू को गुस्सा नहीं आता, किन्तु जब कभी वे नाराज होते हैं तो राबड़ी देवी ही उनके गुस्से को शांत कर पाती हैं।