HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

ब्रिटिश महिला पत्रकार से ज्यादती

उदयपुर. भारत यात्रा के दौरान उदयपुर घूमने आई ब्रिटिश महिला पत्रकार यहां ज्यादती का शिकार हो गई। ब्रिटिश हाईकमीशन को ई-मेल करने के बाद पीड़िता घटना के 16 दिन बाद एसपी से मिली, जिसके बाद अम्बामाता थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी पेइंग हाउस मालिक को गिरफ्तार कर लिया।लंदनवासी महिला पत्रकार 23 दिसंबर, 07 को परदेशी पेइंग गेस्ट हाउस में ठहरी थी। उस रात वह गेस्ट हाउस की छत पर थी।

गेस्ट हाउस संचालक पर्वतसिंह भी अपनी जर्मनी महिला मित्र के साथ छत पर था। उसके अभद्रता करने पर महिला पत्रकार कमरे में लौट गई। उसने सर्दी से बचाव के लिए संचालक से एक और कंबल की मांग की। आरोप है कि पर्वतसिंह ने कंबल देने के बहाने युवती के कमरे में प्रवेश किया और उसके साथ ज्यादती की। अगली सुबह उसने गेस्ट हाउस बदल लिया।

तबीयत बिगड़ने पर युवती ने स्थानीय परिचित युवक चांदपोल निवासी फिरोज को घटना की जानकारी दी। फिरोज के परिजन उसे अमेरिकन अस्पताल ले गए। बाद में उसे अरावली अस्पताल ले जाया गया। युवती की ब्रिटिश महिला मित्र जब 7 जनवरी को उदयपुर आई, तब पीड़िता ने उसे घटना की जानकारी दी। सहेली की सलाह पर ही पीड़िता ने ब्रिटिश हाईकमीशन को सूचना दी।

वहां से ई-मेल मिलने पर एसपी गोविंद गुप्ता ने अम्बामाता थानाधिकारी को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने बुधवार को पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसका मेडिकल कराया। अम्बामाता थानाप्रभारी भगवतसिंह ने बताया कि आरोपी ने गेस्ट हाउस ठेके पर ले रखा है। वह गाइड कार्य से भी जुड़ा हुआ है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

भारत में ऑफिस खोलने की चाह

ज्यादती की शिकार ब्रिटिश महिला पत्रकार की भारत में व्यवसाय करने की इच्छा है। उदयपुर में ऑफिस खोलने के उद्देश्य से वह यहां आई है। वैसे वह सात बार भारत आ चुकी है। वह विभिन्न विदेशी कम्पनियों का पब्लिक रिलेशन का भी काम देखती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: