पंचकूला.
मनसा देवी कॉम्पलैक्स (एमडीसी) में हजारों परिवारों को बुधवार को बिजली की आंख मिचौली के चलते काफी परेशानी झेलनी पड़ी। रेगुलर बिजली न मिलने से सुबह और शाम पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही। बिजली महकमे के अधिकारियों के अनुसार एमडीसी को रेगुलर बिजली सप्लाई मिलने में थोड़ा वक्त लग सकता है, क्योंकि 66 केवी के जिस फीडर से एमडीसी को बिजली मिल रही, उसमें फाल्ट आ गया है।
दिनभर संबंधित कर्मचारी फाल्ट ढूंढने में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। बहरहाल, अस्थाई व्यवस्था के लिए सेक्टर-1 स्थित 66 केवी सब स्टेशन से 11 केवी फीडर से मदद ली जा रही है। इस फीडर पर ज्यादा लोड नहीं डाला जा सकता, लिहाजा सुबह से रात तक बारी-बारी से कुछ एरिया की बिजली चालू करके दूसरे एरिया की बिजली बंद कर दी जाती थी।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के डिवीजनल एक्सईएन टी.के. शर्मा ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे 132 केवी पिंजौर से एमडीसी सेक्टर-4 पंचकूला के सब स्टेशन तक बिछी 66 केवी सप्लाई लाइन में कोई फाल्ट आने से बिजली मिलनी बंद हो गई। एमडीसी का सब स्टेशन पंचकूला के बाकी तीन सब स्टेशनों के साथ इंटर कनेक्टेड नहीं है। लिहाजा, वैकल्पिक व्यवस्था के लिए सेक्टर-1 स्थित सब स्टेशन से 11 केवी के एक फीडर की मदद से कुछ बिजली एमडीसी एरिया को बारी-बारी से दी गई।
बिजली सप्लाई में रुकावट के चलते बुधवार सुबह से-17 में पानी की सप्लाई प्रभावित रही। मकान नंबर-248 में रह रहे सिंचाई विभाग पंजाब के एसई डी.के. सयाल के अनुसार पानी न मिलने के कारण रुटीन प्रभावित हुई। इस दौरान हुडा अधिकारियों से भी संपर्क किया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
उधर, हुडा के एक्सईएन प्रीत मोहन सिंह ने बताया कि सुबह 7.50 बजे बिजली सप्लाई बंद हुई और पानी की सप्लाई इस अवधि तक बहाल नहीं हुई थी। सुबह 7.50 से पहले भी बिजली की एक बार ट्रिपिंग हुई और इस कारण पानी का प्रेशर टूट गया था। उधर, पिंजौर ब्लॉक में इंडस्ट्री के लिए बुधवार सुबह 5.00 से रात 9.30 बजे तक पावर कट रहा।