bhaskar Web English
HomeNewsHaryanaHisar Hisar

दोस्त तूने क्या किया!

हिसार. अपनी नौकरी की दिक्कत से परेशान एक युवक को उसके दोस्त की दगाबाजी ने इस कदर आहत किया कि उसने पत्नी और बच्चे का मोह छोड़कर इस दुनिया से ही विदा ले ली। उसके जेब से मिले सुसाइड नोट से यह जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन बुरी तरह से आहत हैं।

रेलवे पुलिस के मुताबिक सातरोड़ कलां निवासी 24 वर्षीय राजेन्द्र कुमार ने बुधवार की शाम हिसार-भिवानी रेलवे ट्रैक पर सातरोड कलां रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। राजेन्द्र सातरोड कलां में अपने मां-बाप, पत्नी और एक बच्चे के साथ रहता था।

उसके पिता हरि कुमार ने रेलवे पुलिस को बताया कि राजेन्द्र मय्यड़ गांव स्थित एचपी कॉटन टेक्सटाइल मिल में काम करता था। इधर कुछ दिनों से वह घर पर था और बुधवार को सुबह 8 बजे घर से मिल के लिए निकला था। दोपहर में मिल के एक वर्कर ने उन्हें फोन कर बताया था कि राजेन्द्र एक वर्कर के खाते से एटीएम से कुछ रकम निकालकर फरार हो गया है और वे पुलिस में इसकी शिकायत करेंगे।

उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें सूचना मिली कि राजेन्द्र का शव सातरोड कलां रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर पड़ा है। इस बारे में रेलवे थाना पुलिस का कहना है किउसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तो मृतक की शर्ट की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में कर दिया गया है। इस मामले में जांच जारी है।

क्या लिखा है सुसाइड नोट में
मैं 19 दिसंबर को शिफ्ट सी में ड्यूटी पर सो गया था, जिसकी वजह से रामरूप बाबू ने उसके लिए 14 दिन तक फैक्ट्री का गेट बंद कराया दिया और उसकी पेमेंट रुकवा दी। दो महीने से उसे वेतन नहीं मिला, जिसकी वजह से उसे काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। मेरे हिसाब का पैसा मेरी पत्नी आरती को दे दिया जाए और फंड का पैसा मां व पत्नी को दे दिया जाए।

नरेश ने पैसे निकाले और मुझे फंसा दिया, जिससे अब जीने की तमन्ना खत्म हो गई। नरेश तूने दोस्ती में दगा दिया है। आरती मुझे क्षमा कर देना, बेटे राज की जिम्मेदारी अब तुम्हारे कंधों पर है। मेरी मौत की जिम्मेदार एचपी कॉटन टेक्सटाइल मिल है।

>> राजेन्द्र पिछले दिनों ड्यूटी पर सोते हुए मिला था और मिल में उसकी एंट्री पर पाबंदी लगा दी गई थी। संभवत: इसी के चलते उसने आत्महत्या की है। उसका सुसाइड नोट मिला है। अभी किसी पर केस दर्ज नहीं किया गया है। जांच में और तथ्य सामने आए तो इस संबंध में केस दर्ज किया जाएगा।
प्रकाश चंद्र, एसएचओ, रेलवे थाना, हिसार





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: