News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में हरियाणा में पार्टी मामलों की प्रभारी मार्गरेट अल्वा भी मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की पीठ थपथपा र्गई। अल्वा के हुड्डा की पीठ थपथपाने के मायने समझे जा सकते हैं कि पार्टी आलाकमान उनकी कार्यप्रणाली से संतुष्ट है।
इसका एक अर्थ यह भी लगाया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के सांसद बेटे कुलदीप बिश्नोई की बगावत पर फिलहाल पार्टी कोई ध्यान नहीं देने जा रही है। निलंबित सांसद बिश्नोई के खिलाफ भजनलाल की तर्ज पर कार्रवाई की बात कह कर अल्वा ने ऐसी सभी संभावनाओं को नकार दिया है कि कांग्रेस किसी दबाव की राजनीति के चलते झुक जाएगी।
बैठक में जो लोग कार्यकर्ताओं के काम नहीं होने को लेकर अपना रोष जाहिर कर रहे थे, उन्हें अल्वा ने यह कह कर चुप करा दिया है कि सब के काम कर पाना किसी भी सरकार के लिए संभव नहीं।
हर चीज की सीमा होती है :
अल्वा का कहना था, दिल्ली हरियाणा के नजदीक है, आए दिन लोग मुझ से मिलते रहते हैं। कोई नौकरी की बात करता है तो कोई तबादले की। उन्होंने कहा, हर चीज की सीमा है और नॉर्म्स भी। इन सब को देखते हुए ही कोई काम किया जाएगा। उन्होंने उल्टा सवाल किया, अगर ऐसा नहीं होगा तो लोग सरकार को अदालत में खड़ा नहीं कर देंगे?
सब के लिए सहज उपलब्ध मुख्यमंत्री बताते हुए अल्वा ने हुड्डा को कांग्रेस का स्टार मुख्यमंत्री करार दिया। उन्होंने माना, कांग्रेस कभी नहीं हारती, बल्कि कांग्रेसी ही कांग्रेस को हराते हैं। अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट हैं।