बीकानेर. अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के आकर्षण ढोला-मरवण प्रतियोगिता के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। मरवण के मुकाबले में अधिक युवतियों को शामिल करने के लिए पर्यटन विभाग ने बीकानेर की कन्या कॉलेजों से संपर्क करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एमएस, जैन कन्या,बिन्नाणी कॉलेज आदि में पर्यटन विभाग ने पत्र भेजने का कार्य शुरू कर दिया हैं।
पर्यटन विभाग ने गत वर्ष भी कॉलेजों संपर्क किया था लेकिन उस समय कॉलेजों में अवकाश होने के कारण मरवण के लिए प्रविष्टियां नहीं आई। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि इस बार मरवण बनने के लिए 30 से अधिक प्रविष्टियां आ जाएगी। आवेदन आने के बाद पर्यटन विभाग की ओर से इनको प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे रैंप पर केटवॉक कर सके।
ढोला बनने के लिए करीब 20 आवेदन आ सकते हैं। 21 जनवरी को करणीसिंह स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में ढोला बनने के लिए युवा सालभर से जुटे हुए हैं। ढोला के लिए दाढ़ी का खास महत्व होता है, यही कारण है कि इस मुकाबले में सभी प्रतिभागी दाढ़ी वाले होते हैं।
ढोला-मरवण प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार मिलेगा। राशि की घोषणा शीघ्र की जाएगी। पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक एच.एम.आर्य ने बताया कि ढोला-मरवण प्रतियोगिता की जानकारी के लिए होटल ढोला मारु परिसर स्थित पर्यटक सूचना केन्द्र में संपर्क किया जा सकता है। आर्य ने बताया कि लाडेरा में गींदड नृत्य की भी योजना है जिसे इसी सप्ताह अंतिम रूप दे दिया जाएगा।