bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

कोर्ट के बाहर गैंगवार नाकाम

जोधपुर/ फलौदी. फलौदी कोर्ट में बुधवार दोपहर कैलाश मांजू गिरोह के साथियों पर हमले की कोशिश की गई। हथियारों से लैस हमलावर पेशी पर आरोपियों तक पहुंचते उससे पहले वे कार में बैठकर भाग गए। हमलावरों ने उनका पीछा किया। पुलिस भी उनके पीछे लग गई। मलार गांव में हमलावरों की स्कॉर्पियो पुल से टकरा गई तो हमलावर उसे छोड़ कर भाग गए। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

ग्रामीण एसपी संजीबकुमार नार्जारी ने बताया कि छह माह पूर्व हार्डकोर अपराधी कैलाश मांजू और उसके साथियों ने दूसरे हार्डकोर अपराधी प्रदीप गोदारा की हत्या करने के लिए फलौदी में तीन जगह गोलियां चलाई थीं। इस प्रकरण में मांजू के कई साथी गिरफ्तार हुए, वह पकड़ में नहीं आया।

इसी मामले में जमानत पर चल रहे आरोपी विकास पंवार, शिवलाल, श्रवण बावरला बुधवार को पेशी पर आए थे। हर पेशी पर झगड़े की आशंका रहती है इसलिए थानाधिकारी संतकुमार स्वयं वहां मौजूद रहते है।

जब ये तीनों कोर्ट से निकल रहे थे तभी बोलेरो और स्कॉर्पियो में कुछ हमलावर वहां आए। तलवारें और लोहे के सरिये लेकर वे तीनों आरोपियों की ओर लपके। उससे पहले ही तीनों आरोपी टवेरा में बैठ कर भाग निकले।

हमलावरों ने पीछा किया तथा थानाधिकारी व डीएसपी धनपतराज सांखला ने भी उनका पीछा किया। करीब दस किमी तक आरोपियों, हमलावरों और पुलिस की गाड़ियां दौड़ती रहीं, मगर कोई भी एक-दूसरे के हाथ नहीं आया।

हमलावरों की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हुई
मलार गांव के हमलावरों की स्कॉर्पियो एक पुल से टकरा गई। स्कॉर्पियो के दोनों टायर फटने से वे आगे नहीं जा सके। हमलावर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो छोड़ कर बोलेरो केंपर में बैठ कर भाग गए। इस बीच आरोपियों की टवेरा कार भी आगे निकल गई।

टायर फटने से हुआ फायरिंग का भ्रम
कस्बे के भीतर से निकली चार-पांच गाड़ियों की रफ्तार से सनसनी फैल गई थी। पीछा करने वाली पुलिस को मलार के ग्रामीणों ने बताया कि पुल के पास दो धमाके हुए थे। यही बात कस्बे में फैली तो फायरिंग का भ्रम हो गया। ये दोनों धमाके टायरों के फटने से हुए थे।

मुकदमा दर्ज, हमलावरों की तलाश
पुलिस ने दोनों ग्रुप के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने कोर्ट परिसर के बाहर हमले का प्रयास किया तथा शहर में तेज गाड़ियां चलाई। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि बिना नंबरी स्कॉर्पियो चाडी गांव निवासी मांगीलाल मांजू की और बोलेरो केंपर भी इसी गांव के ओमप्रकाश विश्नोई की थी। पुलिस इन लोगों को सरगर्मी से तलाश कर रही है।

दो माह पुराने झगड़े का बदला लेने आए
छह माह पुरानी वारदात का जख्म अभी भी हरा है। इस जख्म को दो माह पहले ही कुरेदा गया था जब प्रदीप गोदारा जोधपुर में किसी समारोह में शरीक होने आया था। बताया जाता है कि उस वक्त प्रदीप पर विकास पंवार आदि ने हमला किया था। इसी घटना का बदला लेने के लिए प्रदीप उनकी टोह में था। जब उसे पता चला कि ये पेशी पर आए हैं तो उसने अपने साथियों को उन पर हमला करने भेज दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: