News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. जिले में संचालित आत्मा परियोजना में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद कलेक्टर मंजू राजपाल ने बुधवार को कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर से जवाब-तलब किया और योजना के बारे में पूरी जानकारी मांगी। दैनिक भास्कर में सात जनवरी को ‘जेब की जुगाड़ में आहत आत्मा’ खबर छपने के बाद योजना से जुड़े विभागों में हलचल मची हुई है।
बुधवार को योजना समिति के ब्लाक अध्यक्षों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की। कलेक्टर ने ब्लाक अध्यक्षों को मामले की जांच कराने का भरोसा दिलाया है। कलेक्टर ने कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पाटोलिया से बजट, योजना की बैठकों तथा आयोजित शिविरों के बारे में पूरी रिपोर्ट मांगी है।
ज्ञापन देने वालों में ब्लाक समिति धोद के अध्यक्ष नेमीचंद दूजोद, मोटाराम शर्मा पिपराली, राजेंद्रप्रसाद नेहरा खंडेला, रामदेवसिंह लक्ष्मणगढ़ व रूड़ाराम बिजारणियां श्रीमाधोपुर शामिल थे। गौरतलब है कि भास्कर ने खबर में फर्जी शिविर लगाकर कृषि विभाग द्वारा जेब भरने का खुलासा किया था।
कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्षों को न तो योजना की जानकारी है और न ही कितना पैसा खर्च होने का पता है। ऐसे में किसानों को परियोजना की जानकारी होने की बात बेमानी नजर आ रही थी। ब्लाक अध्यक्षों ने भी कृषि विभाग पर फर्जीवाड़ा करने के गंभीर आरोप लगाए थे। कृषि विभाग किसानों को प्रशिक्षण देने के नाम पर झूठे शिविर लगाकर पैसे उठा रहा है।
अब लगाया प्रशिक्षण शिविर
आत्मा परियोजना के प्रशिक्षण शिविर नहीं लगाने का मामला भास्कर में उजागर होने के बाद सीकर एवं झुंझुनूं जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ पलसाना की ओर से बुधवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया।
शिविर धोद पंस के तासर बड़ी गांव में लगा। शिविर में किसानों को कई बिंदुओं से अवगत कराया। कृषि विभाग के सहायक कृषि अधिकारी जगदीशप्रसाद, सरपंच हरदेवाराम, उपसरपंच जगदीशप्रसाद शर्मा, पूर्व सरपंच दानवीरसिंह, डा. आरएन अग्रवाल व पंस सदस्य शिवभगवान आदि उपस्थित थे। संचालन डेयरी सुपरवाईजर प्रकाश पारीक ने किया।