News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. जिले के दर्जनों शिक्षकों पर गुरुवार को निलंबन की कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक एसडीएम स्तर पर बनाई गई सूची कलेक्टर के पास पहुंच गई है और गुरुवार को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सस्पेंशन आदेश जारी हो सकते हैं। मामला जिले के बहुचर्चित शैक्षणिक व्यवस्था प्रकरण से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मणगढ़ ब्लाक में शैक्षणिक व्यवस्था के लिए बनाई गई सूची में दर्जनों शिक्षक ऐसे हैं जो सीएम कार्यालय से लगी रोक के बाद खुद ही रिलीव होकर वापस अपने मूल स्कूल में पहुंच गए।
इसके अलावा दूसरे ब्लाक्स में भी ऐसे शिक्षकों की कमी नहीं है जिन्होंने कलेक्टर के आदेशों की अवहेलना कर दूसरी जगह कार्यग्रहण नहीं किया। जबकि सीएम कार्यालय से हुए आदेश आगामी कार्रवाई को स्थगित करने के थे, जिसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस बारे में आलाकमान की भी सहमति मिल चुकी है।
शिक्षकों को वेतन का संकट : जिले के पंचायतराज में कार्यरत करीब एक हजार शिक्षकों का दिसंबर महीने का वेतन अभी अटका हुआ है। वेतन बजट से बोनस जारी करने के कारण फिलहाल दिसंबर के वेतन पर संकट बन गया है।
खुद ही बन गए रिलीवर
प्रशासन की ओर से तैयार की गई सूची में शामिल अधिकतर शिक्षक नियमों की धज्जियां उड़ाकर खुद ही रिलीवर बन गए। शैक्षणिक व्यवस्था को आगामी कार्रवाई तक स्थगित करने के आदेश आने के बाद कई शिक्षक वापस अपने मूल स्कूल में लौट आए।
इधर, रोक के आदेशों से पूर्व तैयार की गई सूची में शामिल कई शिक्षकों ने कार्यग्रहण ही नहीं किया। सूत्रों के अनुसार डीएम ने सभी उपखंड अधिकारियों से इसकी सूची मांगी है। इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।