HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

गिरफ्तारी की मांग, लगाया जाम

सीकर. uproar मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छात्र संगठन आईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को करीब आधा घंटा तक एसके कालेज के सामने रास्ता जाम रखा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।

मौके से पुलिस कुछ पदाधिकारियों को थाने लेकर भी गई। बाद में उन्हें 107 आईपीसी में पाबंद किया गया। एसके कालेज में मंगलवार दोपहर दो छात्र गुटों में विवाद हो गया। इस मामले में आईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने मुकदमा भी दर्ज कराया।

बुधवार को आईएसएफ के पदाधिकारी शिवपाल ख्यालिया, जिलाध्यक्ष सतपाल धींवा, रामनिवास व अन्य कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कालेज में एकत्रित हुए। कुछ ही देर में नारेबाजी करने लगे और कालेज के सामने मुख्य सड़क पर आ गए। सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों को रोकने लग गए। इससे कुछ ही देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मामले की जानकारी मिलने पर डीएसपी सिटी अनंत कुमार, शहर कोतवाल महमूद खान और ट्रेफिक इंचार्ज बीएल सेहरा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ट्रैफिक को संचालित कराया। जाम की वजह से कालेज के आसपास खासी तादाद में विद्यार्थियों की भीड़ लग गई।

एबीवीपी ने की निंदा
एसके कालेज में हुई मारपीट की घटना की एबीवीपी ने निंदा की है। एबीवीपी के नगर मंत्री सुनील ढका ने बताया कि ऐसी घटनाओं से आए दिन अध्ययन कार्य प्रभावित होता रहता है। एबीवीपी ने प्रशासन से असामाजिक तत्वों को कालेज में नहीं घूसने देने की मांग की है। असामाजिक तत्वों को नहीं पकड़े जाने पर विद्यार्थी परिषद ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

परिचय-पत्र बिना प्रवेश बंद हो : एनएसयूआई
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने एसके कालेज प्राचार्य को ज्ञापन देकर कालेज में बिना परिचय-पत्र प्रवेश बंद करने की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप रणवां ने बताया कि अक्सर कालेज परिसर में असामाजिक तत्व घूमते रहते हैं।

इसके अलावा आए दिन झगड़े की घटनाएं होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है। संगठन ने परिसर में दो पुलिसकर्मियों को तैनात करने की मांग भी की है। ज्ञापन देने वालों में कालेज इकाई अध्यक्ष नरेंद्र जाखड़, जोगेंद्र चौधरी, सुभाष आदि शामिल थे।

दूध के भावों पर विवाद
सबलपुरा में गोपाल डेयरी के पास बुधवार रात दुग्ध समितियों के संचालकों व डेयरी के स्थानीय प्रबंधन के बीच दूध के भावों को लेकर विवाद हो गया। विरोध प्रदर्शन की वजह से एकबारगी हाइवे पर जाम लग गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। डीएसपी सिटी अनंत कुमार ने बताया कि गोपाल डेयरी की गांवों में दुग्ध संकलन के लिए समितियां बनी हुई हैं।

बुधवार को दिन में समितियों के संचालकों को रुपयों का भुगतान होना था। इसी दौरान रेट को लेकर विवाद हो गया। इस बात को लेकर स्थानीय प्रबंधन की डेयरी के हरियाणा व दिल्ली स्थिति उच्चाधिकारियों से बातचीत भी हुई। कुछ संचालकों को पेमेंट हो गया और कई का बाकी रह गया। रात को फिर संचालक वहां पेमेंट के लिए आए।

इस दौरान दुग्ध संकलन वाहन व लोगों के सड़क पर आने से जाम लग गया। सूचना मिलने पर सीआई सदर राजेंद्र आर्य को लेकर डीएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। इसके बाद स्थानीय प्रबंधन ने गुरुवार को दिल्ली व हरियाणा में मौजूद डेयरी के उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन व्यक्तियों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: