नई दिल्ली: राष्ट्रपति और उप राष्ट्रपति को अब दुगना वेतन मिलेगा। यह वेतनवृद्धि 1 जनवरी 2007 से लागू मानी जाएंगी। इस आशय का निर्णय गुरुवार को प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया।
सूचना और प्रसारण मंत्री पी आर दासमुंशी ने बैठक के बताया कि अब राष्ट्रपति को 50,000 रुपए की जगह 1 लाख रुपए मिलेंगे। इसी तरह उपराष्ट्रपति का वेतन 40,000 की जगह 85,000 रुपए किया गया है। इसके साथ ही अब राज्यों के राज्यपालों को भी अब 36,000 से बढ़ाकर 75,000 रुपए मिलेंगे।
दासमुंशी ने बताया कि सांसदों का वेतन पहले ही बढ़ाकर 68,000 रुपए किया जा चुका है। इस स्थिति में इन अहम पदों पर बैठे व्यक्तियों की वेतनवृद्धि जरूरी हो गई थी। इसी तरह अब पूर्व राष्ट्रपतियों का वेतन बढ़ाकर 6 लाख रुपए सालाना कर दिया गया है। मृत राष्ट्रपतियों और उप राष्ट्रपतियों के परिजनों को भी मिलने वाली सुविधाओं में विस्तार करने का निर्णय एकमत से हुआ।
दासमुंशी ने बताया कि यह वेतनवृद्धि का निर्णय पिछले साल ही ले लिया गया था। लेकिन उस समय राष्ट्रपति औ उप राष्ट्रपति का कार्यकाल खत्म हो रहा था इसलिए इसे टाल दिया गया।