bhaskar Web English
HomeNewsNational National

सुभाषचंद्र बोस को लिखा फर्जी राष्ट्रवादी!

भुबनेश्वर. कटक के एक निजी प्रकाशक द्वारा प्रकाशित किताब में नेताजी सुभाषचंद्र बोस को फर्जी राष्ट्रवादी लिखने के मामले में शनिवार को उड़ीसा सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

राज्य के मुख्य सचिव अजीत त्रिपाठी ने कहा कि मैंने अभी तक किताब का यह अंश नहीं देखा है लेकिन अगर यह आरोप सही है तो इसे अपराध के तौर पर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले को लोक शिक्षा विभाग के सुपुर्द किया गया है।

केंद्रपारा जिले के एक पुलिस थाने में दर्ज कराई गई एक एफआईआर के मुताबिक एमबीडी प्रकाशक ने सातवीं कक्षा के लिए प्रकाशित एक किताब में देश की आजादी के नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के लिए भंदा जतियाबाड़ी नेता (फर्जी राष्ट्रवादी नेता) जैसे विशेषण का इस्तेमाल किया है।

दूसरी तरफ, एमबीडी के प्रिंटिंग सहायक प्रकाशचंद्र भोल ने गलती मानते हुए कहा कि यह प्रिंटिंग की गलती है और इसे सही करने के लिए सही कदम उठाए जाने शुरू कर दिए गए हैं। भोल ने कहा कि यह गलती सामने आते ही बाजार से किताबें वापस ली गई हैं।

उधर, केंद्रपारा के युवाओं के एक समूह ने इन किताबों की प्रतियां जलाईं और जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रकाशक के खिलाफ कदम उठाए जाने की मांग की। उन्होंने प्रकाशक से बिना किसी शर्त के माफी मांगने की भी मांग की।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से सवाल-जवाब करेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: