bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

इंदौर एयरपोर्ट को 70 एकड़ जमीन मिली

इंदौर. मास्टर प्लान-2021 में इंदौर एयरपोर्ट के सामने दिखाए गए सफेद हिस्से में जहां विकास की ऊंची उड़ान छिपी है वहीं हजारों लोगों के सपने टूटने की आशंका भी समाई है। यहां आठ कॉलोनियों की लगभग 70 एकड़ जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी को दे दी है। डायरेक्टर आर.के. सिंह के मुताबिक यहां राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए केटेगरी-वन एप्रोच लाइट्स लगेंगी, जो खराब मौसम में भी विमानों को उतारने में सहायक होगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रमाण पत्र के लिए यह जरूरी है। उधर, इसकी जानकारी मिलते ही आसपास की आठ कॉलोनियों में हलचल मच गई। छोटा बांगड़दा की सरपंच सुभद्रा ओम यादव के मुताबिक इनमें 10 हजार से ज्यादा मकान हैं यानी लगभग 50 हजार लोग प्रभावित होंगे। डायरेक्टर, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग दिप्ती गौड़ मुखर्जी के मुताबिक जमीन एयरपोर्ट को दे दी है तो खाली भी कराना होगी। हालांकि सारी कार्रवाई नियम के मुताबिक ही होगी।

क्या इन्हें बतौर मुआवजा दूसरी जमीन मिलेगी? इसका जवाब फिलहाल किसी अधिकारी के पास नहीं। मास्टर प्लान क्रियान्वयन के लिए अधिकृत इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधु वर्मा कहते हैं कितनी जमीन एयरपोर्ट को दी जा रही है मुझे नहीं पता लेकिन इतने लोगों को हटाना बहुत मुश्किल होगा।

मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे

गजाधर कॉलोनी निवासी राधाशरण टेलर ने बताया हम 20 वर्ष से बसे हैं तब सरकार को एयरपोर्ट इंटरनेशनल करने का ध्यान नहीं आया। शक्तिनगर निवासी अजय शर्मा ने कहा पहले पता लगता तो हम भी आपत्ति लगा देते। अब जमीन एयरपोर्ट के नाम करने के बाद बचा ही क्या है? शक्तिनगर निवासी कमलेश रायकवार ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से शिकायत करने की बात कही।

300 से 500 मकान और प्रभावित होंगे

एयरपोर्ट के सामने बसे शक्तिनगर, चौरसियानगर, पटेलनगर, गजाधर कॉलोनी, बाबू मुराई कॉलोनी, वैष्णवदेवीनगर, लक्ष्मीनगर व पंचशीलनगर अभी तक छोटा बांगड़दा गांव में आते थे। प्लान-2021 में यह निगम सीमा में शामिल कर दिया गया। मास्टर प्लान के प्रारूप में पूरा इलाका रहवासी बताया था। तब एयरपोर्ट अथॉरिटी ने विस्तार के लिए वह जमीन मांगी थी। वह मांग मान ली गई।

इन कॉलोनियों के अलावा एरोड्रम थाने के पास की सड़क और शीतलनगर, मनुश्रीनगर, अंबिकापुरी एक्सटेंशन व छोटा बांगड़दा क्षेत्र के भी 300 से 500 मकान प्रभावित होने की आशंका है। नई सड़क बनी तो एयरपोर्ट तक जाने वाली मौजूदा सड़क भी बंद कर दी जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: