bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

पिलर में दबकर बच्ची की मौत

इंदौर.accident घर की छत पर खेल रही दस वर्षीय बच्ची ईंट का पिलर गिरने से गंभीर घायल हुई और अस्पताल जाते-जाते दम तोड़ दिया। मकान संयोगितागंज थाने के ड्राइवर का है। हादसे के बाद परिजन ने शव के साथ चक्काजाम करने की कोशिश की लेकिन टीआई ने किसी तरह मामला रफादफा कराया। एमआईजी थाना क्षेत्र में मोतीलाल की चाल निवासी ज्योति पिता अशोक (10) शनिवार रात घर की चौथी मंजिल स्थित छत पर खेल रही थी।

तभी निर्माणाधीन ईंट का पिलर उस पर आ गिरा। अन्य बच्चों ने शोर मचाकर उसके पिता को बुलाया। वे उसे समीप के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। चाचा नरेश ने बताया मकान पुलिसकर्मी रामप्रसाद मीणा का है। उसने ईंट के बड़े-बड़े पिलर में एक-एक सरिया ही लगाया, जिसके कारणपिलर बच्ची पर आ गिरा। परिजन ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया तो उसने पल्ला झाड़ दिया।

चेतावनी के बाद जागी पुलिस

एमआईजी पुलिस ने मर्ग कायम कर रविवार सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस के ढीले रवैये से परिजन काफी नाराज थे। वे शव को पाटनीपुरा चौराहे पर रखकर चक्काजाम करने की तैयारी में थे, ताकि मकान-मालिक के विरुद्ध कार्रवाई हो। वे शव लेकर घर पहुंचे तो मकान-मालिक नहीं मिला। थोड़ी देर में टीआई, एमआईजी अरविंद खरे पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर चक्काजाम टाला। ज्योति के मामा लक्ष्मण ने बताया पुलिस ने मकान-मालिक से 20 हजार रुपए मुआवजा दिलवाने की बात कही है।
बच्ची की मौत की कीमत 20 हजार रुपए

पुलिस के दबाव और परिजन की सहमति के बीच मासूम बच्ची की जान की कीमत 20 हजार रु. तय हो गई। खेरची सामान का ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाने वाले अशोक की मंझली बेटी थी ज्योति। बेटी की मौत ने उसे तोड़ दिया। उस पर कानून के रखवालों ने लंबी कानूनी कार्रवाई का डर बताया तो मजबूरी में उसने समझौता कर लिया। पुलिस ने उसे समझाया था हम तो केस कायम कर देंगे पर क्या तुम कोर्ट में लड़ पाओगे? इस सवाल के आगे अशोक 20 हजार के मुआवजे में ही चुप्पी साध गया। समझौता जो भी हो पुलिस की भूमिका जरूर संदिग्ध हो गई है।

पुलिस का काम कार्रवाई करना है, समझौता कराना नहीं। मकान मालिक की लापरवाही सामने आई तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- महेशचंद्र जैन, एडीशनल एसपी

आईपीसी में पुलिस को समझौता कराने के अधिकार का उल्लेख नहीं। पुलिस का काम है जांच कर मामला कोर्ट में पेश करना।
- विवेक सिंह,क्रिमिनल एडवोकेट





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: