News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. सरचार्ज माफी सुविधा योजना से बीते वर्ष के अंतिम चार माह में जहां सिटी सर्किल के घरेलू उपभोक्ताओं को तीन करोड़ 70 लाख रुपए के सरचार्ज से मुक्ति मिली है, वहीं बिजली कंपनी को इस योजना से कुल आठ करोड़ रुपए का राजस्व मिला है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने घरेलू उपभोक्ताओं पर बकाया अरबों रुपए की वसूली के लिए बीते वर्ष सरचार्ज माफी सुविधा योजना लागू की थी।
योजना बीते वर्ष अलग-अलग अवधि के लिए लागू की जाती रही। अगस्त 2007 से दिसंबर 2007 के लिए लागू इस योजना के तहत बिजली कंपनी ने सिटी सर्कल में जोन स्तर पर शिविरों का आयोजन किया था। बताया गया कि इसका परिणाम यह हुआ कि उक्त अवधि में सुविधा योजना के तहत नगर संभाग दक्षिण में 4619 और नगर संभाग उत्तर में 4655 कुल 9274 आवेदन आए, जिनमें 8750 आवेदनों का निराकरण हुआ।
बिजली कंपनी के सिटी सर्कल को इन घरेलू उपभोक्ताओं से राजस्व के रूप में स्थायी विच्छेदित कनेक्शनधारियों से 48 लाख 31 हजार एवं अस्थाई विच्छेदित कनेक्शनधारियों से 752.84 लाख रुपया यानी कुल 8 करोड़ एक लाख 15 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। सिटी सर्कल के 9274 उपभोक्ताओं को बिजली कंपनी ने बकाया राशि एकमुश्त जमा करने पर सरचार्ज के तीन करोड़ 70 लाख रुपए माफ किए। इस योजना का लाभ उपभोक्ताओं को आगे देने एवं बकाया राशि वसूलने के उद्देश्य से बिजली कपंनी के स्थानीय अधिकारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखे हैं। व्यापारिक एवं समाजसेवी संगठनों ने भी मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री एवं सीएमडी को पत्र लिखकर इस योजना को इस वर्ष भी लागू करने का आग्रह किया है।