bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

‘बंटी-पारो’ ने लूटा करार

अजमेर. बॉलीवुड स्टार अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या रॉय को देखने की बेचैनी में रविवार को सैकड़ों लोग किशनगढ़-नसीराबाद रोड पर चार घंटे तक मशक्कत करते रहे। लेकिन उन्हें सितारों की एक-दो बार सिर्फ झलक ही दिखाई दी। सांभर में चल रही फिल्म दिल्ली-6 की शूटिंग के बाद एक दृश्य फिल्माने नसीराबाद हाइवे आई यूनिट के साथ सांवरिया फेम सोनम कपूर, ऋषिकपूर और वहीदा रहमान भी थीं।उदयपुर कलां गांव के पास आनन-फानन में सेट बनाया जा रहा था।

इस बीच, किशनगढ़ के लोगों को भनक लग गई। देखते ही देखते लोग उदयपुर कलां की ओर उमड़ने लगे। एक घंटे में सैकड़ों लोग हाइवे के किनारे पहुंच गए। प्रशासन ने पुलिस तैनात कर दी। भीड़ कलाकारों की एक झलक पाने को बेताब थी, इसलिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

इस दौरान फिल्म यूनिट के निजी सुरक्षा गार्ड लोगों को हटाते रहे। सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों ने भी शूटिंग देखने के लिए गाड़ियां रोक दीं, जिससे दो-तीन बार रास्ता जाम हो गया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से रास्ता खुलवाया। इधर, शूटिंग के बाद अभिषेक-ऐश कार में बैठकर पास ही स्थित जयशंकर भोले ढाबे की ओर रवाना हो हुए तो भीड़ भी पीछे हो ली।

नतीजतन, दोनों ने एक बस में बैठ कर खाना खाया। बाद में अन्य कलाकार भी वहां पहुंच गए। ढाबे के आसपास करीब दो घंटे तक महिला-पुरुष जमा थे। लंच के बाद जैसे ही ऐश-अभिषेक कार में रवाना हुए, भीड़ ने उन्हें घेर लिया। निजी सुरक्षा गार्डो ने बामुश्किल भीड़ के बीच कार को निकाला।

आगरा-6, सिकन्दरा-10

शूटिंग के दौरान अभिषेक लाल रंग की कार में थे। सड़क किनारे एक बोर्ड लगाया गया था, जिस पर लिखा था आगरा-6, सिकन्दरा-10। शॉट के लिए गन्ने के रस की मशीन के पास ऋषि कपूर खड़े नजर आए। यूनिट के लोगों के अनुसार सांभर में शूटिंग फरवरी तक चलेगी।

महिलाओं में ऐश का क्रेज

बड़ी संख्या में महिलाएं भी शूटिंग देखने पहुंची थी। काफी मशक्कत के बाद भी जब ऐश-अभिषेक नजर नहीं आए तो महिलाओं ने निजी सुरक्षा गार्डो से सिर्फ एक बार ऐश को पास से देखने देने का आग्रह भी किया।

ढाई किलोमीटर तक पीछा

अभिषेक और ऐश कार में बैठ कर ढाबे से रवाना हुए तो मोटरसाइकिल पर सवार लोग कार का पीछा करने लगे। इस दौरान अभिषेक ने कई बार हाथ हिला कर उन्हें रुकने का इशारा किया। प्रशंसकों ने ढाई किलोमीटर तक कार का पीछा किया।

ऐश के अंदाज पर झूमे

खाना खाने के बाद, कार में सवार होने के लिए अभिषेक और ऐश बस से उतरे तो उनके चोरों तरफ भीड़ जमा हो गई। अभिषेक सीधे कार में बैठ गए, ऐश ने वहां खड़े प्रशंसकों का हाथ हिला कर अभिवादन किया तो लोग खुशी से झूम उठे और देर तक हाथ हिलाते रहे।

फोटोग्राफरों से उलझे गार्ड

शूटिंग के दौरान यूनिट के निजी गार्ड लोगों के साथ प्रेस फोटाग्राफरों से भी उलझते रहे। फोटो लेने काप्रयास करने पर गार्डे ने दो जनो के कैमरे छीन लिए। बाद में फोटो डिलीट कर कैमरे लौटा दिए गए। जिससे मीडियाकर्मियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बाद में गार्ड और मीडियाकर्मियों के बीच कहासुनी भी हुई। आखिर में पुलिस को दखल देना पड़ा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: