यमुनानगर
शनिवार आधी रात को सहारनपुर-कुरुक्षेत्र हाइवे पर औरंगाबाद के नजदीक पिस्तौल दिखाकर तीन बदमाशों ने प्लाईवुड व्यापारी सुरेश कुमार से करीब २४ लाख रुपए लूट लिए। व्यापारी किराये की इंडिका कार में दिल्ली से पेमेंट लेकर लौट रहा था।
बदमाश भी सेंट्रो कार में सवार थे।नया गांव निवासी व्यवसायी सुरेश कुमार अमादलपुर रोड पर गगन प्लाईवुड नाम की कंपनी का संचालक है। कंपनी का माल दिल्ली सप्लाई होता है। शनिवार को व्यवसायी सुरेशकुमार दिल्ली से माल की पेमेंट लेकर किराये की इंडिका कार (एचआर-क्२क्यू-क्क्२५) से यमुनानगर लौट रहा था। कार को आजाद नगर निवासी अजरुन चला रहा था। यमुनानगर से करीब पांच किलोमीटर पहले अजरुन ने यह कहकर कार रोक दी कि किसी ने पीछे से गाड़ी में टक्कर मारी है।
ड्राइवर नीचे उतर कर कार की पीछे चला गया। इसी समय पीछे खड़ी सेंट्रो से उतरे तीन बदमाश व्यापारी पिस्तौल दिखाकर उसे नीचे उतार ले गए। बदमाशों ने व्यापारी से करीब २४ लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। कार चालक अजरुन का कहना है कि उसने सेंट्रो कार का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए।
उधर, सड़क पर छूट गया व्यापारी एक ट्रक में सवार होकर विश्वकर्मा चौक पहुंचा। जहां उसे इंडिका कार का ड्राइवर अजरुन मिला। इसके बाद दोनों एसपी निवास पहुंचे और उन्हें मामले की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एसपी ने घटनास्थल का दौरा किया।
रातभर चली छापामारी
एसपी डा. सीएस राव का कहना है कि लूट के बाद पुलिस की टीम गठित कर रात भर छापामारी की गई। पुलिस ने ड्राइवर अजरुन को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ चल रही है। इस मामले में पुलिस को कई लोगों पर शक है।