bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

मुख्यमंत्री का छापामार दौरा

भोपाल.cmमोटरसाइकिल की पिछली सीट पर सर पर गमछा बांधे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जब दतिया जिले के धीरपुरा गांव के पुलिस थाने पहुंचे तो थाने पर मौजूद स्टाफ सकपका गया। श्री चौहान ने थाने के रजिस्टर को खंगाला, दर्ज शिकायत और उस पर कार्रवाई पहले पुलिस की जबान से सुनी और तत्काल बाद जनता की जबानी कानून व्यवस्था की कहानी सुनने पहुंच गए जनता दरबार में। सारा हाल आंखों से देखने के बाद मुख्यमंत्री ने दतिया कलेक्टर अशोक कुमार शिवहरे को हटाने के निर्देश दिए।

रविवार को राज्य के मुखिया शिवराजसिंह चौहान बदले हुए मुड़ में थे। वे जनता से जुड़े हर उस विभाग का काम अपनी आंखों से देखना चाहते थे जो सरकार की छवि को सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं। मुख्यमंत्री का यह छापामार दौरा राजगढ़ और दतिया के जिला प्रशासन को भारी पड़ गया।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें हेलीकाप्टर से सीहोर जिले के आष्टा में जाना था, लेकिन वहां न जाते हुए वे राजगढ़ जिले के दूबली और दतिया जिले के गोहना व धीरपुरा गांव पहुंच गए। अपने बीच राज्य के मुखिया को देख ग्रामवासी आश्चर्यचकित रह गए।

उन्होंने जन समस्याओं के नोट्स अपनी डायरी में नोट किए, मोटरसाइकिल पर बैठ गांवों में घूमे, पैदल घूमते हुए बच्चों, महिलाओं और ग्राम के कोटवार, पटवारी, शिक्षक सभी वर्ग के व्यक्तियों से मुलाकात की। हालात का जायजा लेने के बाद श्री चौहान ने इस आकस्मिक जनदर्शन में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान पहले दतिया जिले के ग्राम धीरपुरा और गोहना पहुंचे। इन ग्रामों में जैसे ही हेलीकाप्टर उतरा ग्रामवासी कौतुहलवश वहां जमा हो गए। ग्रामीणों ने अपने सामने प्रदेश के मुखिया को खड़ा पा कर समस्याओं की झड़ी लगा दी। आवेदन के लिए कागज नहीं थे इसलिए ग्रामीणों ने छोटी-छोटी पर्चियों पर लिखकर अपने आवेदन भी मुख्यमंत्री श्री चौहान को सौंपे।

श्री चौहान ने दतिया जिले की सेवढ़ा तहसील के ग्राम गोहना में शिक्षकों के नियमित विद्यालय आने एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हैंडपंप, नहरों से सिंचाई आदि की जानकारी प्राप्त की। प्राथमिक कृषि साख समिति के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने मिट्टी का तेल नियमित न मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों ने एक उपस्वास्थ्य केंद्र शुरू करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गोहना, सेवढ़ा, दतिया मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर बसे धीरपुरा की कृषि एवं रोजगार की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री श्री चौहान को वृद्धावस्था पेंशन एवं उपचार के लिए सहायता के आवेदन भी मिले। ग्राम पंचायत चोतरा के ग्राम छूलेन में पेयजल समस्या की जानकारी मिली।

मुख्यमंत्री श्री चौहान के अचानक दतिया जिले में पहुंचने के पश्चात कमिश्नर ग्वालियर डा. कोमल सिंह, कलेक्टर दतिया, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी जानकारी मिलते ही उनसे भेंट के लिए पहुंचे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संभागायुक्त को ग्रामीणों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आज हुए आकस्मिक निरीक्षण में अनुपस्थिति एवं कार्य के प्रति लापरवाह अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध वैधानिक कदम उठाने की हिदायत दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान के आने की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर शिवानंद दुबे और एसपी दिलीप आर्य गांव पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर ने रामगोपाल साहू ेस बात की तथा सरपंच द्वारा पैसे मांगने की जांच मौके पर तहसीलदार से करवाई और पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत सरपंच के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश एसडीएम को दिए। गांव के बीपीएल परिवार के सभी 65 वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों को 275 रुपए की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने की कार्यवाही शुरू की।

सिर पर गमछा बांधे जा पहुंचे थाने

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम गोहन में भ्रमण के बाद वहां से धीरपुरा पहुंचने के लिए बाइक का सहारा लिया। खेतों-खलिहानों के बीच से मोटरसाइकिल द्वारा उन्होंने अपनी निरीक्षण यात्रा शुरू की। माथे पर गमछा बांधे श्री चौहान सीधे गांव धीरपुरा के थाने में पहुंचे। पुलिस द्वारा दर्ज शिकायतों पर की गई कार्रवाई का हाल जानने के बाद उन्होंने सीधे जनता से कानून व्यवस्था और पुलिस की भूमिका पर बातचीत की।

चारपाई पर बैठ सुनी ग्रामीणों की आपबीती

दतिया जिले के भ्रमण के पश्चात मुख्यमंत्री श्री चौहान राजगढ़ जिले के ग्राम दूबली पहुंचे। उन्होंने यहां ग्रामीणों के बीच चारपाई पर बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनकी मांगों को पूरा करने की घोषणा की। श्री चौहान ने गांव में माध्यमिक स्कूल खोलने, उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने, गांव में झिरी मोड़ तक सड़क का डामरीकरण कराने और बडलावदा बांध का निर्माण कराने की घोषणा की।

उन्होंने ग्रामीणों से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, जननी सुरक्षा योजना, खाद्यान्न वितरण तथा विद्युत आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना में 1400 रुपए मिल रहे हैं। रामगोपाल साहू ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि उन्हें बीपीएल कार्ड देने के लिए सरपंच 500 रुपए की मांग कर रहा था, लेकिन मैंने उसे नहीं दिया है। फिर बीपीएल कार्ड हमें जनपद पंचायत से जून माह में मिला है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: