bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

लगेगी लोन लेने वालों की कतार

भोपाल. नैनो के बाजार में आते ही आटोमोबाइल लोन के क्षेत्र में भारी बदलाव आ सकता है। अब पांच हजार रुपए महीना कमाने वाले भी कार के लिए ऋण ले सकेंगे। अधिकारी भी मानते हैं कि लोन आसान हो जाने से बैंकों में आटोमोबाइल लोन लेने वालों की कतार लग जाएगी।

लखटकिया कार के बाजार में उतरते ही बैंकों ने लोन बांटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कम कीमत की कार के बाजार में आते ही अब अधिक लोग लोन की पात्रता के दायरे में आ जाएंगे। इसका नतीजा यह होगा कि प्रापर्टी के क्षेत्र में ऋण बांटने में रुचि रखने वाले बैंक अब आटोमोबाइल में अधिक लोन देंगे।

सर्वे: दि एसोसिएटेड चैंबर्स आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री आफ इंडिया द्वारा नैनो की लांचिंग के बाद किए एक सर्वे में भी आटोमोबाइल लोन में पच्चीस फीसदी तक की वृद्धि होने की संभावना जताई गई थी।

क्या है गणित
एक निजी बैंक के फ्रेंचाइजी अभिजीत गांधी के अनुसार दो लाख की कीमत वाली मारुति 800 के लिए अधिकतम एक लाख 80 हजार रुपए का लोन देते हैं, जिसकी मासिक किश्त तीन से चार हजार रुपए के बीच होती है।

आम तौर पर मारुति 800 के लिए आठ हजार रुपए मासिक आय वाले को भी लोन मिल जाता है। इस हिसाब से एक लाख रुपए वाली नैनो के लिए अधिकतम 90 हजार रुपए ऋण मिलेगा।

इसकी मासिक किश्त 1600 से 1800 रुपए के बीच आना चाहिए। थोड़ी सख्ती करने पर भी बैंक पांच हजार के आसपास वेतन वाले को नैनो के लिए लोन दे देंगे। यदि यह गाड़ी टैक्सी के रूप में चली तो यह दायरा बढ़ सकता है।

एक बैंक अधिकारी के अनुसार आम तौर पर बैंक ढाई साल की तनख्वाह के बराबर लोन दे देते हैं। इस हिसाब से तीन हजार रुपया महीना कमाने वाले व्यक्ति को भी नैनो के लिए 90 हजार रुपए का लोन मिल जाएगा।

लोन की पात्रता
बैंक आफ बड़ौदा के मार्केटिंग मैनेजर रामानुज शर्मा के अनुसार पांच हजार रुपए वेतन पाने वाले व्यक्ति को भी बैंक कार के लिए ऋण दे सकते हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि वह अन्य शर्ते भी पूरी करे। बैंक नियमित कर्मचारियों या तीन साल से सफलतापूर्वक व्यवसाय करने वाले व्यक्ति को ही लोन देते हैं।

स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र सक्सेना ने भी माना कि अब कार लोन लेने वालों की संख्या बढ़ जाएगी, क्योंकि कम आय वाले भी लोन के दायरे में आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि बैंक कितनी आय पर नैनो के लिए ऋण देगी, लेकिन यह वर्तमान सीमा से काफी कम होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: