bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

महू में बम फटा, तीन की मौत

महू. सैन्य क्षेत्र बेरछा रेंज में रविवार तड़के करीब सवा पांच बजे बम फटने से तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो घायल हुए हैं। मृतकों में दो भाई थे। मृतकों के पिता का कहना है उनके बेटे लकड़ी बीनने गए थे और अलाव जलाने के बाद पास पड़ा बम फूट गया। एडम कमांडेंट का कहना है बम से पीतल निकालने के दौरान ही हादसा हुआ।

सेना के बेरछा रेंज में बम फटने से बेरछा निवासी भूपेंद्र पिता दुलीचंद (२५), गोवर्धन पिता दुलीचंद (३२) व गायकवाड़ निवासी नंदकिशोर पिता शिवचरण (३0) की मौत हो गई। नंदकिशोर का घर बेरछा में भी है।

राजेश पिता दुलीचंद (२६) व प्रेम पिता राजाराम (२९) को धारनाका शांतिनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक भूपेंद्र व दुलीचंद के भाई राजेश की हालत अधिक खराब है। घायल प्रेम का कहना है जो लोग मरे हैं वे पहले से ही आग जलाकर बैठे थे, हम दोनों भी आग सेंकने के लिए पहुंचे ही थे कि बम फट गया।

लकड़ी बीनने गए थे बच्चे : अस्सी वर्षीय दुलीचंद का कहना है तीनों बेटे रोज की तरह ही सुबह लकड़ी बीनने के लिए गए और फिर दो तो लौटे ही नहीं। केवल सूचना मिली कि बम फटाने से दो बेटे मारे गए और एक घायल हो गया। परिजन उदयराम ने बताया लकड़ी बीनने के दौरान सुबह जब ठंड लगी तो वे एक जगह आग जलाकर हाथ तापने लगे। आग की गर्मी लगते ही वहां पहले से पड़ा हुआ बम फट गया।

पीतल निकालते समय ही फटा बम
एडम कमांडेंट सुधेंद्रुसिंह का कहना है शनिवार रात इस क्षेत्र में फायरिंग हुई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर ही ये लोग अंदर छिपकर बैठ गए होंगे और बम से पीतल निकालते समय यह घटना हुई। एसडीएम राहुल जैन ने बताया मामले की जांच करवाई जा रही है। एसडीओपी धनंजय शाह का कहना है घटनास्थल से कुछ स्क्रेप मिला है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: