जालंधर ऋता बावा हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस को पता चला है कि कुछ माह पहले बावा दुबई गई थी। वह वहां क्यों और किस के साथ गई इसका पता पुलिस लगा रही है।
पुलिस को उनका पासपोर्ट नहीं मिला है इसलिए विदेश यात्रा की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस का अनुमान है कि वे वहां जायदाद खरीदने के लिए गई होगी। पुलिस के बुलाने पर न आने वाले एच.एस. जैन अब कल पुलिस के समक्ष पेश होंगे। जैन ने रविवार को एसपी सुरेंद्र कालिया को फोन कर कहा कि वे कल पेश होंगे। पुलिस जैन से सीआईए स्टाफ में पूछताछ करेगी।
जैन से पूछा जाएगा कि मैडम के कौन-कौन खास थे और कौन-कौन दुश्मन। मैडम कितनी बार विदेश गईं और किसके साथ। मैडम ने कहां-कहां निवेश किया था, जिन रुपयों के सहारे पुलिस कातिल तक पहुंचने की जुगत में है वह कहां से व क्यों आया यह सवाल पुलिस को मथ रहे हैं।
मैडम की आमदनी का जरिया सिर्फ कालेज ही था। इतनी बड़ी रकम बरामद होने के बाद पुलिस लूटपाट के अलावा दूसरे बिंदुओं पर भी गौर कर रही है। पुलिस अब यह पता करने में जुट गई है कि वह कौन सी चीज थी जिसे हासिल करने के लिए इतनी बड़ी वारदात हुई। इसके अलावा पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक जितने लोगों से पूछताछ की गई है उससे सहयोग न के बराबर मिला है।
शौकीन था मंडल
पुलिस की जांच में यह बात उभर कर आई है कि मैडम का खास नौकर मंडल शौकीन किस्म का इंसान था। उसे हर तरह के शौक थे।
हमें सूत्रों से जानकारी मिली है कि ऋता बाबा दुबई गई थी। उनका पासपोर्ट नहीं मिला है इसलिए इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन हम इसकी जांच कर रहे हैं।
सुरेंद्र कालिया, एसपी