News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़
अमेरिका में 11 होटलों के मालिक और वहां के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के करीबी संत सिंह चटवाल को चंडीगढ़ में होटल खोलने की पेशकश की गई है। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डवलपमेंट कॉपरेरेशन (सिटको) ने उन्हें कहा है कि वे चाहें तो चंडीगढ़ में सिटको के साथ जॉइंट वेंचर में भी होटल खोल सकते हैं।
पिछले हफ्ते चंडीगढ़ में आयोजित एनआरआई सम्मेलन में भाग लेने आए चटवाल ने इस रीजन में होटल खोलने की मंशा जताई थी और जब वे भारत से वापस अमेरिका लौट रहे थे तो उनसे चंडीगढ़ में होटल खोलने की बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि जल्दी ही उनकी होटल चेन के कंट्री हैड चंडीगढ़ आएंगे और यहां अफसरों से बातचीत करेंगे।
सिटको के एमडी जे. एस. बीर ने चटवाल से बातचीत की पुष्टि करते हुए बताया कि सिटको के पास चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक में शानदार साइट उपलब्ध है। यहां एक अच्छा होटल खोला जा सकता है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से यह साइट काफी नजदीक है। वे आगे बताते हैं कि चंडीगढ़ में अच्छे होटलों की जरूरत महसूस की जा रही है।
वे आगे बताते हैं कि चटवाल के अलावा कुछ और लोग खासकर एनआरआई चंडीगढ़ में इन्वेस्टमेंट के इच्छुक हैं। सिटको की ओर से होटल साइट अलॉट करने के लिए ग्लोबल टेंडर फ्लोट किया जाएगा और फिर अच्छे कंपीटिशन के बाद ही किसी को होटल साइट अलॉट की जाएगी। इस बीच यह भी कहा जा रहा है कि चटवाल मोहाली में सेवन स्टार होटल बनाने में इच्छुक हैं।
इधर पंचकूला में भी 16 जनवरी को होटल साइट ऑक्शन की जा रही है। 8 एकड़ की यह साइट ट्राइसिटी में सबसे बड़ी होटल साइट है। जबकि चंडीगढ़ में भी प्रशासन सेक्टर-29 में करीब पांच एकड़ की होटल साइट ऑक्शन करने जा रहा है। यह साइट अभी तक चंडीगढ़ में सबसे बड़ी होटल साइट होगी।
मोहाली में भी बड़ी होटल साइट की ऑक्शन का ऐलान हो चुका है। यानी तीनों शहरों में आने वाले तीन चार सालों में कम से कम चार बड़े होटल और बनेंगे।
सिटको के एमडी कहते हैं कि चंडीगढ़ एक बड़े इकोनॉमिक सेंटर के तौर पर डवलप हो रहा है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन जाने के बाद यहां कमरों की डिमांड और बढ़ेगी।