|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. केमिकल मजदूरों ने बुधवार को बूढ़ापारा में अपनी मांगों को लेकर चक्काजाम किया। वे डेढ़ घंटे सड़क पर बैठे रहे। सीएम से चर्चा कराने के आश्वासन के बाद उनका प्रदर्शन स्थगित हुआ। मजदूरों ने आज सीएम हाउस घेरने की चेतावनी दी थी। दोपहर 12 बजे वे स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में इकट्ठे हुए और सीएम हाउस के लिए कूच किया। श्याम टाकीज के पास पुलिस ने बेरियर लगा रखा था। एडीएम एके टोप्पो भी वहां मौजूद थे।
मजदूरों ने बेरियर हटाने की कोशिश की तो उन्हें धकेल कर पीछे हटा दिया गया। एडीएम ने मजदूरों को वापस लौटने की चेतावनी दी। वे वहीं सड़क पर बैठ गए। मजदूरों का नेतृत्व कर रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने मजदूरों को आंदोलन शांतिपूर्ण करने कहा। उन्होंने एडीएम से रास्ता मांगा लेकिन रास्ता नहीं मिला। सड़क पर बैठकर मजदूर लगातार नारेबाजी करते रहे।
इस दौरान दोनों पक्षों में कई दौर की बातचीत हुई। एडीएम टोप्पो ने जब शुक्रवार को लौटकर सीएम द्वारा उन्हें बुलाए जाने का संदेश दिया तो मजदूरों ने सीएम हाउस घेराव स्थगित कर दिया। श्री ठाकुर ने कहा कि रमन सरकार एक ओर गरीबों को 3 रुपए चावल बांटकर उनके पेट की आग बुझाने का दावा कर रही है वहीं राजधानी में बैठे 2000 केमिकल मजदूरों का खयाल नहीं आ रहा।
सरकार में बैठे लोग क्या इतना भी नहीं जानते कि पिछले दो सालों से नौकरी से निकाले गए इन मजदूरों के पास चावल खरीदने रुपए नहीं है। ठाकुर ने चेतावनी दी कि बस्तर में जिस तरह संघर्ष की शुरुवात हुई है, सरकार इन 1500 लोगों को नक्सलियों के रास्ते में न धकेले।