|
कालीबावड़ी (धार). धरमपुरी में बुधवार को मामूली विवाद के बाद इसकी लपटें यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर मनावर तहसील के कालीबावड़ी में भी पहुंच र्गइ। गुरुवार को नकाबपोशों ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित दुकानों में आग लगा दी।
इससे दो दुकानें खाक हो गईं जबकि पांच में खासा नुकसान हुआ है। पुलिस के मुताबिक नकाबपोशों में से एक धरमपुरी विधायक जगदीश मुवेल का रिश्तेदार व ड्राइवर भी है। ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है जबकि अन्य छह फरार हैं।
कालीबावड़ी में सुबह करीब 10 बजे सात नकाबपोशों ने यूसुफ बोहरा की साइकिल दुकान को घेरकर आग लगा दी। कम्प्रेशर फटने से आग तेजी से भड़की और छह दुकानों को चपेट में ले लिया। आग लगाने के बाद नकाबपोश भागे लेकिन इनमें से एक रामलाल भिलाला को लोगों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी छिड़ककर आग बुझाने की कोशिश की।
बाद में धरमपुरी से दमकल पहुंचा। एएसपी बीरेंद्रसिंह ने बताया आरोपियों की शिनाख्त हो गई है। इनमें से रामलाल भिलाला विधायक श्री मुवेल का ड्राइवर व पप्पू पिता मंगल मुवेल रिश्तेदार है। अन्य आरोपी मुंडला निवासी लक्ष्मण भिलाला, विजय भिलाला, पिंटू भिलाला, सुरेश भिलाला व दिनेश भिलाला हैं। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मनावर तहसीलदार एस.पी. सिंह के मुताबिक एक दुकान पूरी तरह जली है जबकि पांच में खासा नुकसान हुआ है।
प्राथमिक तौर पर 1.80 लाख रुपए की नुकसानी का आकलन किया गया है। विधायक जगदीश मुवेल ने बताया रामलाल और पप्पू परिचित हैं। यदि इन्होंने अपराध किया है तो सख्त कार्रवाई होना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।