|
जयपुर. जनजाति में आरक्षण की मांग को लेकर 21 जनवरी को घोषित महापड़ाव को रोकने के लिए सरकार ने प्रदेशभर में गुर्जर नेताओं की गिरफ्तारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को भीलवाड़ा में गुर्जर चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह विधूड़ी समेत चार नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। जयपुर में भी युवा गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रमसिंह सहित कुछ गुर्जर नेताओं को पकड़ने के लिए दबिश दी गई।
गिरफ्तारियों से बचने के लिए गुर्जर नेता विधायक प्रहलाद गुंजल, अतरसिंह भड़ाना, पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर और विक्रमसिंह समेत प्रमुख गुर्जर नेता भूमिगत हो गए हैं। गुंजल के घर पर छापा मारा गया, लेकिन वे वहां नहीं मिले। भीलवाड़ा ब्यूरो के अनुसार राजेंद्रसिंह विधूड़ी को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे चार अन्य गुर्जर नेताओं के साथ एक होटल में दोपहर 12. 30 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे।
विधायक अतरसिंह भड़ाना वहां से पुलिस को गच्च देकर निकल गए, जबकि राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेश महामंत्री समयसिंह, युवा गुर्जर महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रसाद धाभाई और संयुक्त गुर्जर संघर्ष समिति के जिला संयोजक भैंरूलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया।
हालात बिगड़े, तो सरकार जिम्मेदार
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक विधायक प्रहलाद गुंजल ने कोटा में अपने निवास पर पत्रकारों से कहा कि सरकार उन्हें संगीन धाराओं में गिरफ्तार करने की साजिश रच रही है। उनकी गिरफ्तारी के बाद यदि हालात बिगड़ते हैं तो उसके लिए सरकार ही जिम्मेदार होगी। गुंजल ने मुख्यमंत्री पर प्रदेश में अमन-चैन बिगाड़ने का आरोप लगाया। सरकार ने जान बूझकर उन्हें महापड़ाव की अनुमति नहीं दी है।
जहां रोका वहीं धरना
गुर्जर विधायक अतरसिंह भड़ाना ने कहा है कि महापड़ाव के लिए जयपुर आ रहे गुर्जरों को यदि सरकार ने रोकने की कोशिश की तो वे सड़कों पर ही चक्काजाम कर देंगे। युवा गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विक्रमसिंह ने फोन पर भास्कर को बताया कि हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने अपनी बात रखना चाहता है। अब यदि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगड़ी तो उसके लिए राज्य सरकार ही जिम्मेदार होगी।
150 गुर्जर नेता गिरफ्तार
राज्य के विभिन्न हिस्सों में 150 से अधिक गुर्जर नेता गिरफ्तार, जिनमें राजेंद्र विधूड़ी भी शामिल है। गुंजल, भड़ाना, गोपी, विक्रम सहित प्रमुख नेता भूमिगत। जयपुर व अलवर के नेता दिल्ली गए। जयपुर सहित गुर्जर बाहुल्य इलाकों में आरएसी तथा एसटीएफ की नौ कंपनियां तैनात।
सरकार ने नहीं दी जगह
महापड़ाव के लिए गुर्जर समाज की ओर से मांगी गई अनुमति पर जिला प्रशासन गुरुवार को भी कोई फैसला नहीं कर पाया। जिला कलेक्टर अखिल अरोड़ा ने कहा कि अभी जांच चल रही है।