|
भोपाल. व्यापारियों ने भेल नगर प्रशासन से मांग की है कि वह बाजारों से दुकानों के आगे बने कोरीडोर खाली करवाने से पहले सड़क पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाए, वर्ना व्यापारियों को मजबूरन कार्रवाई का विरोध करना पड़ेगा।
इसके साथ ही प्रशासन व्यापारियों की पुरानी मांग दुकानोें की छत पर निर्माण करने की अनुमति भी शीघ्र दे। भेल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष रघुराज सिंह भदौरिया ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी कार्रवाई करने से पहले व्यापारियों को विश्वास मे लेना जरूरी है, वर्ना कोरीडोर को खाली करवाने वाले अमले को विरोध का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने नगर प्रशासन के द्वारा लगातार नोटिस जारी करने का तीव्र विरोध करते हुए कहा है कि उसका ध्यान अतिक्रमण पर न जाकर व्यापारियों को परेशान करने की तरफ ज्यादा है। संघ के महामंत्री इसरत ताहिर ने कहा कि नगर प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन की एक भी मांग नगर प्रशासन ने अब तक पूरी नहीं कि है, इसलिए व्यापारी उसका विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि आज भी भेल के अधिकतर बाजारों में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है और प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है।
बरखेड़ा व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष राजकुमार आहूजा ने कहा कि व्यपारियों की काफी पुरानी मांग है कि दुकानों के ऊपर निर्माण की अनुमति दे दी जाए, जिससे अतिक्रमण भी कम होगा और कोरीडोर भी खाली होंगे।