Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

बिल्डर के गुंडों ने युवक को पीटा

बिलासपुर. जमीन पर कब्जे के विवाद में एक बिल्डर के कर्मचारियों ने अपने परिवार के साथ जमीन पर पूजन कर रहे युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। वहीं घायल युवक को सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मगरपारा निवासी 70 वर्षीय तुकाराम नागदौने ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे गुरुवार की दोपहर लगभग 2:45 बजे अपने व्यापार विहार रोड स्थित प्लाट में सपरिवार पूजन कर रहे थे।

तभी वहां एक बिल्डर के कर्मचारी रवि मिश्रा, मोहम्मद सलीम व अन्य पहुंच गए। उन्होंने पूजा स्थल में लगा टेंट गिरा दिया और गाली-गलौज करने लगे। उनके बेटे 30 वर्षीय हरीश ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने उसकी डंडे और ईंट से पिटाई कर दी। इससे हरीश का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। उसे इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। हरीश ने बताया कि व्यापार विहार रोड में उनकी दो प्लाटों में बंटी कुल 7 हजार वर्ग फीट जमीन है।

इस जमीन पर एक मंत्री का नाम लेकर बिल्डर कब्जा जमाना चाह रहा है। इस बारे में कई बार पुलिस से शिकायत भी की जा चुकी है। उन्हें पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है। गुरुवार को हुई मारपीट की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506बी, 323 व अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(10) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।

रातों-रात ढहा दी थी दीवार: हरीश ने बताया कि जमीन पर बिल्डर की नजर होने की वजह से उन्होंने वहां एक चौकीदार रख लिया था। 1 सितंबर 2007 की रात चौकीदार प्लाट में बैठा हुआ था, तभी पुलिस आई और उसे जीप में उठाकर ले गई। तभी वायरलेस पर मैसेज आया कि महाराणा प्रताप चौक के पास शराब ठेकेदारों के पंडे भिड़ गए हैं। इस पर जीप वापस मोड़ी गई और वहां पर से मारपीट कर रहे पंडों के साथ चौकीदार को भी शामिल कर धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया था।

इधर रात को बिल्डर ने उनकी बाउंड्रीवाल ढहा कर अपना शेड बनवा लिया। सीमांकन के लिए लगा रहा चक्कर: जमीन पर कब्जे की कोशिश की जब पुलिस से शिकायत की जाती है, तो अफसर सीमांकन कराने की बात कहते हैं। इधर सीमांकन कराने के लिए पिछले डेढ़ साल से पटवारी, आरआई और तहसीलदार के चक्कर काटते हुए थक जाने के बाद एसडीएम और कलेक्टर के सामने गुहार लगाने के बाद भी अब तक जमीन का सीमांकन नहीं हो पाया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: