|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh नई दिल्ली.भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को प्रधानमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित करने के बाद एनडीए संयोजक बदलने पर विचार कर रहा है। फिलहाल एनडीए के संयोजक जॉर्ज फर्नाडीज हैं और उनकी जगह लेने के लिए शरद यादव व प्रकाश सिंह बादल तगड़े दावेदार बनकर उभरे हैं।
भाजपा और एनडीए घटक दलों के मुताबिक पंजाब के मुख्यमंत्री बादल के पक्ष में दलील दी जा रही है कि सभी घटक दल उनका सम्मान करते हैं। वे एनडीए से बाहर गए ओम प्रकाश चौटाला जैसे नेताओं को वापस लाने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं। आडवाणी से भी उनके अच्छे रिश्ते हैं।
दूसरी ओर यूपी, बिहार, मप्र जैसे राज्यों में बढ़त लेने के लिए जनता दल (यू) के हिंदी भाषी अध्यक्ष शरद यादव को भी यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। यादव के पक्ष में दलील दी जा रही है कि इससे उत्तर प्रदेश में राजनीतिक व जातिगत समीकरण साधे जा सकेंगे।
22 जनवरी को गठबंधन की बैठक होने जा रही है लेकिन उसमें इस बारे में फैसला होने की संभावना नहीं है।
शेखावत को गठबंधन की कमान!
एनडीए में पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जगह पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत को अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा भी जोरों पर है। फिलहाल भाजपा ने इस पर चुप्पी साध रखी है। पिछले हफ्ते वाजपेयी के साथ शेखावत की एक घंटे से भी ज्यादा लंबी मुलाकात के बाद इस चर्चा ने जोर पकड़ा।