Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

नाचे मन्नती शेर, सवारियां उठीं

बिलासपुर.tigerdance मोहर्रम की सातवीं तारीख गुरुवार को अकीदत के साथ मनाई गई। शहर की सड़कों पर पूरे दिन मन्नती शेरों का नाच चलता रहा, वहीं ईरानी समुदाय के लोगों ने हैरतअंगेज मातम करते हुए जुलूस निकाला। गोल बाजार, सदर बाजार का गश्त करने के बाद यह जुलूस चाटीडीह में इमामबाड़े में समाप्त हुआ। आधी रात को बाजे-गाजे के साथ सवारियां उठाई गईं। मुसलमानों के नए साल यानी 1429 हिजरी की आज सातवीं तारीख थी।

मुस्लिम कौम के लोगों ने सुबह से घरों में फातिहाखानी, दरुदखानी व परंपरागत एहतमाम कर शोहदा-ए-करबला की शहादत को याद किया। बंगलायार्ड, तारबाहर, जरहाभाठा, तालापारा, राजेंद्र नगर व शहर के अन्य हिस्सों में मन्नती शेरों का नाच पूरे दिन चलता रहा। जरहाभाठा में डल्ला शेर के बेटे शेख जलील व शेख खलील ने अपना नाच व करतब दिखाया। दोपहर में ईरानी समुदाय का मातमी जुलूस चाटीडीह इमामबाड़े से शुरू हुआ।

इसमें पुरुष, महिलाएं, बच्चों ने मरसिया पढ़ते हुए चाकू-छुरी से खुद को लहूलुहान कर मातम मनाया। रात 12 बजे से सवारियों का उठना शुरू हुआ। मुजावरों ने हाल की हालत में अंगारों में कूदकर नाल की जियारत कराई। सवारियों ने शहर के इमामबाड़ों का गश्त किया। मुजावर सवारी लेकर मदारशाह बाबा पुलिस ग्राउंड, पंजा साहब चांटापारा, चांद साहब राजेंद्र नगर व बावली कुआं जूना बिलासपुर पहुंचकर जियारत की।

शिवसैनिक बने मन्नती शेर

प्रदेश में अमन-शांति की कामना को लेकर शिवसेना द्वारा जुलूस निकाला गया। पांच शिवसैनिक विनय मिश्रा, युसूफ खान, युनूस खान, राकेश राव एवं नारायण राव ने मन्नती शेर बनकर नाच प्रस्तुत किया। इस दौरान इमामबाड़ों में जाकर दुआएं मांगी गई।

तकरीर में याद किए गए शोहदा-ए-करबला

मोहर्रम के मौके पर सत्यम चौक और ईरानी इमामबाड़े में तकरीर का सिलसिला आज भी जारी रहा। ईरानी इमामबाड़े में औरंगाबाद महाराष्ट्र से आए मौलाना रिजवी रजा ने कहा कि आम इंसानों की तरह पैगंबरे इस्लाम कोई बात जजबात में आकर नहीं करते थे, कुरआन गवाह है कि उनका हर अमल इलाही की मर्जी से हुआ करता था। जनाब सैयद की ताअजीम के लिए रसूल-ए-खुदा का खड़ा हो जाना इस बात की दलील है कि फातिमा जहरा की हैसियत आम औरतों सी नहीं है।

ईरानी यंग कमेटी के अध्यक्ष जहूर खान ने बताया कि आठवीं तारीख पर नकवी इमामबाड़ा कुदुदंड से सुबह 10 बजे निकाला जाएगा। इधर सत्यम चौक में तकरीर पेश करते हुए मौलाना शकील अनवर ने कहा कि जो रसूल के खानदान वालों को तकलीफ पहुंचाएगा, उसे कयामत तक माफी नहीं मिलती। जो लोग इमाम हुसैन के साथ थे, वे हक व सच्चई के लिए लड़ रहे थे और जो यजीद के साथ थे, वे बातिल और बुराई के लिए लड़ रहे थे।

तकरीर के अंत में अजीम भाई ने सलातो सलाम पढ़ा और मौलाना शकील ने लोगों की तरक्की व कामयाबी की दुआ की। इससे पूर्व सुन्नी मस्जिद के इमाम सादिक साहब ने कुरआन की तिलावत की। इस मौके पर कमेटी के सदस्य व पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

आज आम लंगर

रजा कमेटी द्वारा खपरगंज स्थित तात्या चौक में मोहर्रम की आठवीं तारीख पर 18 जनवरी को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक आम लंगर का कार्यक्रम रखा गया है। फिरोज मेमन व हाशु भाई ने लोगों से इसमें शामिल होने के लिए कहा है।

मोहर्रम के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगी

मोहर्रम पर्व पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डिप्टी कलेक्टर व कार्यपालिक दंडाधिकारी डीके अग्रवाल की ड्यूटी सिविल लाइन व कोतवाली थाना क्षेत्र, अनुविभागीय अधिकारी संजय अग्रवाल सरकंडा व कोनी थाना क्षेत्र, तहसीलदार मनोहर गायकवाड़ की तोरवा थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार पीसी कोरी की महिला थाना व पुलिस कंट्रोल रूम में ड्यूटी लगाई गई है व नायब तहसीलदार व कार्यपालिक दंडाधिकारी जेए यादव की ड्यूटी तारबाहर थाना क्षेत्र में लगाई गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: