|
बीकानेर.
पंजाब पुलिस, राजस्थान इंटेलीजेंस व बीकानेर पुलिस ने जैसलमेर के मोहनगढ़ निवासी अली खान उर्फ अलिया से संयुक्त पूछताछ की तो उजागर हुआ कि लुधियाना में विस्फोट के लिए सप्लाई किया गया आरडीएक्स पाकिस्तान से आया था।
लुधियाना में विस्फोट के तार राजस्थान से जुड़ने पर पंजाब पुलिस का एक दल राजस्थान आया और यहां इंटेलीजेंस व पुलिस की मदद से मंगलवार को जैसलमेर के मोहनगढ़ में अलिया उर्फ अली खां को दबोच लिया।
माना जा रहा है कि अली खां ने लुधियाना में बम विस्फोट को अंजाम देने के लिए आरडीएक्स की सप्लाई की थी। पंजाब पुलिस, राजस्थान की इंटेलीजेंस व बीकानेर पुलिस ने अली खान से बज्जू थाने में पूछताछ की। इस दौरान उससे पता चला कि लुधियाना में विस्फोट के लिए सप्लाई किया गया आरडीएक्स करीब तीन साल पूर्व पाकिस्तान से आया था और उसे जमीन में छिपाकर रखा गया था।
अली खान को पंजाब ले जाया गया है जहां उससे विस्तृत पूछताछ होगी। राजस्थान पुलिस छानबीन में जुटी है कि पाकिस्तान से आरडीएक्स कौन लोग लेकर आए थे और वह अली खां के पास कैसे पहुंचा। लुधियाना में विस्फोट के लिए आडीएक्स सप्लाई करने में अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। बज्जू के बांगड़सर गांव में अलिया का ननिहाल है जहां वह अक्सर आता-जाता रहता था।
गौरतलब है कि लुधियाना में बम विस्फोट में सात लोगों की मौत हुई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए थे। लुधियाना पुलिस ने इस कांड में कुछ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो मामले के तार राजस्थान से जुड़ गए।
>> पंजाब पुलिस अली खां को ले गई इसलिए पूछताछ नहीं की जा सकी। आरडीएक्स कौन और कैसे लाया, इसका पता लगाया जा रहा है। अली खां को वापस लाकर भी पूछताछ की जा सकती है।
अमरजोतसिंह गिल, महानिदेशक पुलिस