|
कोटा.
बेरोजगारों को नौकरी के लिए आवेदन करते समय आने वाली दिक्कतों से अब छुटकारा मिल सकेगा। भारतीय डाक विभाग, कोटा में करीब एक महीने में ‘फार्म पोस्टल सर्विस’ शुरू करने जा रहा है। यह सर्विस देश में सबसे पहले कोटा से शुरू होने की संभावना है।
विभाग ने इस संबंध में पूरी तैयारी कर ली है और प्रपोजल सात दिन पहले अजमेर मुख्यालय को भेज दिया है। विभाग ने दावा किया है कि इससे अब किसी भी आवेदक का एक फार्म भरने में करीब 50 प्रतिशत खर्चा कम हो जाएगा। फार्म देने वाले कर्मचारियों को भी प्रति फार्म के हिसाब से एक-दो रुपया दिया जाएगा।
ऐसे होगा 50 प्रतिशत खर्चा कम
मान लीजिए एक फॉर्म भरकर जमा कराने में दो सौ रुपए खर्च होते हैं। इसमें यदि फार्म भरने की औपचारिकताओं के लिए कई जगह आने-जाने में होने वाले खर्च को भी शामिल करें तो यह लगभग दोगुना पड़ता है। अब डाकघरों में आवेदन की सभी सुविधाएं एक ही जगह मिलने से यह खर्चा लगभग आधा ही रह जाएगा। मार्केट की तुलना में यहां फॉर्म की कीमत भी दस प्रतिशत कम रहेगी।
>> यह सर्विस देश में सबसे पहले कोटा में शुरू होगी। विभाग ने फार्म पोस्टल सर्विस से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एक माह में प्रपोजल की स्वीकृति के आदेश मिलने की संभावना है। इसे शहर के प्रमुख डाकघरों में शुरू किया जाएगा। करीब 50 प्रतिशत खर्च कम आएगा।
दिनेश शर्मा, प्रवर अधीक्षक, डाक विभाग, कोटा
कौनसी सर्विस मिलेंगी
डाकघरों में फॉर्म का पूरा पैकेज मिलेगा। इस संबंध में जानकारी के लिए पोस्टर भी लगाया जाएगा। फॉर्म भरते समय काम आने वाली अन्य वस्तुएं भी एक ही काउंटर पर मिलेंगी। साथ लगने वाले आवश्यक दस्तावेजों को डाक विभाग के राजपत्रित अधिकारी प्रमाणित करेंगे। कई डाकघरों के पोस्ट मास्टर भी इसके लिए अधिकृत हैं।
क्या रिजल्ट भी देख सकेंगे
परीक्षा का परिणाम भी डाकघर में आकर देखा जा सकेगा। यहां साइबर कैफे से कम शुल्क पर यह सुविधा मिलेगी। शहर के पांच डाकघरों में इस सेवा के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट लगाए जा चुके हैं। आवेदन की अंतिम तारीख पर यदि फार्म जमा होता है तो उसके लिए स्पेशल पोस्ट डिलीवरी की भी व्यवस्था रहेगी।