Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

टिकट को लेकर रेलवे सीटीआई व फौजी भिड़े

चूरू. रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर टिकट दिखाने की बात को लेकर सीटीआई व एक फौजी में झगड़ा हो गया। घटना को लेकर स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई तथा ट्रेन देरी से रवाना हो सकी। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बीकानेर-सादुलपुर एक्सप्रेस ट्रेन से एक सैनिक चूरू स्टेशन पर उतरकर मुख्य द्वार से जाने लगा। जहां टिकट दिखाने की बात को लेकर टिकट निरीक्षक राजेंद्रकुमार व फौजी लक्ष्मणसिंह में विवाद हो गया। दोनों में हाथापाई होने लगी।

मामले को बढ़ता देख बीकानेर एक्सप्रेस में चल रहे विशेष जांच दल के सीटीआई बीच-बचाव करने पहुंचे। मौके पर रेलवे स्टाफ भी जमा हो गया। हाथापाई के दौरान सैनिक लक्ष्मणसिंह ने सामने आए सीटीआई रियाज अहमद व राजपाल सिंह की अंगुली पर काट लिया। जिससे दोनों की अंगुलियां लहूलुहान हो गई।

रेलवेकर्मियों ने मामले की सूचना जीआरपी पुलिस को दी। जीआरपी पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए रेलवेकर्मियों ने शिकायत स्टेशन मास्टर रामेश्वरलाल मीणा से की। सैनिक लक्ष्मणसिंह ने बताया कि राजलदेसर से चूरू तार लगाने आया था। जल्दबाजी में जाने पर टिकट निरीक्षक ने रोककर मारपीट शुरू कर दी। दोनों ओर से जीआरपी चौकी में लिखित शिकायत प्रस्तुत करने पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

रिपोर्ट पर भी विवाद
घायल सीटीआई राजपालसिंह व रियाज अहमद ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी स्टेशन पर सीटीआई से हुई मारपीट को देखते रहे और छुड़ाया नहीं। सिपाही ने रेलवे मीमो लेने से इनकार कर दिया।

पांच मिनट लेट हुई ट्रेन
रेलवे स्टेशन पर हुई मारपीट की घटना के बाद मची अफरा-तफरी के कारण बीकानेर-सादुलपुर एक्सप्रेस निर्धारित समय से पांच मिनट देरी से रवाना हुई। सहायक स्टेशन मास्टर ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर हुई मारपीट की घटना को लेकर चेन पुलिंग के कारण ट्रेन देरी से रवाना हुई। ट्रेन 12.20 बजे आई और 12.35 बजे रवाना हुई।

>> दोनों सीटीआई की प्राथमिक चिकित्सा करवाई गई है। जीआरपी चौकी को मामला दर्ज करने के लिए मीमो लिखकर दिया है।
रामेश्वरलाल मीणा स्टेशन मास्टर, चूरू

>> दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज कर लिए गए हैं। फौजी को अभी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जीआरपी चौकी चूरू के स्टाफ की शिकायत मामले की जांच की जाएगी।
हीरे खां, थाना प्रभारी जीआरपी रतनगढ़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: