|
जयपुर. लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों का नया परिसीमन लागू होने से कांग्रेस के अनेक ब्लॉकों की भौगोलिक स्थिति भी बदल गई है। सूत्रों के अनुसार राज्य में कांग्रेस के 354 ब्लॉक हैं। लगभग आधे विधानसभा क्षेत्रों में अभी एक-एक और बाकी में दो ब्लॉक हैं। नए परिसीमन से कई ब्लॉक ऐसे हो गए हैं, जिनमें दो और तीन विधानसभा क्षेत्र जुड़ गए हैं।
कांग्रेस ने इस संबंध में जिलाध्यक्षों से परिसीमन के बाद ब्लॉकों की स्थितियों पर जानकारी मांगी है। परिसीमन के आधार पर संगठन में नए ब्लॉकों के गठन की संभावनाएं जताई जा रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी का कहना है कि परिसीमन लागू होने से पहले ही पार्टी ने पंचायत को इकाई बनाकर कामकाज शुरू कर दिया। संगठन में अभी भी कई ब्लॉक ऐसे हैं जो दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में आते हैं। इस संबंध में जरूरत महसूस होने पर फैसला लिया जाएगा।
संगठन की स्थिति
कांग्रेस के 37 जिला संगठन और 354 ब्लॉक इकाइयां हैं। इनके अलावा हाल ही करीब नौ हजार पंचायतों में पार्टी की इकाई का गठन किया गया है।