|
जयपुर. शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा है कि राज्यपाल शीलेंद्रकुमार सिंह को प्रदेश के शिक्षा विभाग की सही जानकारी नहीं है। विश्वविद्यालयों के बारे में पूरी जानकारी के अभाव में ही राज्यपाल ने ये टिप्पणियां की हैं। अब वे स्वयं शिक्षा को लेकर राज्यपाल की शंकाओं को दूर करने के लिए राजभवन जाएंगे। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने पिछले दिनों कहा था कि राज्य के कृषि विश्वविद्यालयों को छोड़कर अन्य किसी भी विश्वविद्यालय में स्तरीय पढ़ाई नहीं होती।
राज्य का इतिहास भी सही नहीं लिखा है। सराफ ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ग्रामीण स्कूलों में खाली पदों की भर्ती के लिए शहरी शिक्षक भेजे जाएंगे। नए भर्ती होने वाले शिक्षकों को भी ग्रामीण क्षेत्रों में ही लगाया जा रहा है। चार हजार संस्कृत शिक्षकों की भर्ती के लिए आरपीएससी को लिखा गया है। सराफ ने कहा कि प्रदेश के सभी अस्थायी विवि शिक्षकों को यूजीसी मानदंडों के आधार पर स्थायी करने के लिए अध्यादेश लाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मार्च तक प्रदेश में 500 नए प्राइमरी स्कूल खोले जाएंगे, जबकि 1462 वैकल्पिक स्कूलों को राजकीय प्राथमिक स्कूलों में बदला जाएगा। अनुदानित स्कूलों के मामले में कटारिया कमेटी की रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर लागू किया जाएगा।
सभी बच्चों को मुफ्त स्कूल बैग पर विचार
सराफ ने बताया कि नए शिक्षा सत्र के लिए सरकारी स्कूलों के सभी एक करोड़ छात्र-छात्राओं को मुफ्त स्कूल बैग देने पर विचार कर रही है। फिलहाल अजाजजा के 16 लाख बच्चों को स्कूल बैग देने का फैसला लिया जा चुका है।
22000 बालिकाओं को साइकिलें
सराफ ने बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार अगले 100 दिन के भीतर 22 हजार बालिकाओं को 300 रुपए में साइकिलें दे दी जाएंगी। यह पूछने पर कि ये साइकिलें छात्राओं को प्रवेश के समय मिलनी थी, लेकिन अब तो परीक्षा आ चुकी है, विभाग के प्रमुख सचिव सुधीर भार्गव ने कहा, ओपन टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण विलंब हुआ है।
18000 शिक्षकों को नियुक्ति इसी महीने
सराफ के अनुसार आरपीएससी चयनित उन सभी शिक्षकों का पदस्थापन इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा, जिनकी डिग्रियां बाहरी राज्यों की नहीं है।
मैं ट्वेंटी-ट्वेंटी का खिलाड़ी : सराफ
सराफ ने कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री के रूप में इतना कम समय मिला है कि अब वे ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच की तर्ज पर खेल कर ही कुछ कर सकते हैं। इसीलिए उन्होंने 100 दिन के लिए 100 काम तय किए हैं।