|
जयपुर. प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष परसराम मोरदिया ने कहा है कि कोलकाता अग्निकांड पीड़ितों को ज्यादा से ज्यादा राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा। दल ने हादसे के लिए पश्चिमी बंगाल सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार माना है।
मोरदिया के नेतृत्व में हालात का जायजा लेकर लौटे कांग्रेसी दल ने बताया कि यदि समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाते तो भीषण अग्निकांड से बचा जा सकता था। समय पर न तो दमकलें र्आई और न ही सरकार के नुमाइंदे मौके पर पहुंचे। अग्निकांड में 3 हजार दुकानें राख हो गईं तो करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। मोटे अनुमान के अनुसार एक हजार करोड़ के नुकसान का अंदेशा है।
मोरदिया ने बताया कि पीड़ितों में राजस्थानी व्यापारियों का बड़ा तबका है। सदमे से तेजकर वैद्य को हार्टअटेक हो गया। प्रतिनिधिमंडल ने उनके आवास पर जाकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया। राज्यपाल से मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई है। पीड़ितों का कहना है कि उनके पुनर्वास की योजना बनाई जानी चाहिए। क्षतिग्रस्त भवनों का पुनर्निमाण कार्य व्यापारियों की समिति के जरिए करवाने की मांग की गई है। कांग्रेसी दल में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजेंद्र पारीक, विधायक महादेव सिंह खंडेला, डॉ. गोपाल बाहेती, भवानीशंकर शर्मा शामिल थे।