|
जयपुर. इस बार स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण के अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज में अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थी भी नैक (नेस्कॉम एसेसमेंट कंपीटेंस) टेस्ट दे सकेंगे। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर यह टेस्ट 16 व 17 फरवरी को विभिन्न केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। प्रमुख शासन सचिव आईटी सी.के.मैथ्यू ने बताया कि वर्ष 2006-07 में राजस्थान से लगभग 2500 तथा 2007-08 के द्वितीय चरण में 1725 विद्यार्थियों ने यह टेस्ट दिया, जबकि तृतीय चरण में लगभग 3500 विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रथम चरण के 2500 विद्यार्थियों में से 600 को रोजगार के अवसर दिए गए।
बेंचमार्किग टेस्ट : नैक टेस्ट आईटी विभाग व नेसकॉम (नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर कंपनीज) के सहयोग से आयोजित होता है। यह बेंचमार्किग टेस्ट है, जिसमें ग्रेड के आधार पर रोजगार मिलेगा।
टेस्ट के लिए आवेदन: राजकीय महाविद्यालय अजमेर, आर.आर. महाविद्यालय अलवर, राजकीय पीजी महाविद्यालय बांसवाड़ा, एम.एस.जे. महाविद्यालय भरतपुर, एम.एल.वी. कॉलेज भीलवाड़ा, डूंगर कॉलेज बीकानेर, राजकीय कॉलेज गंगानगर, जयपुर स्थित भवानी निकेतन, सत्यसाईं कॉलेज, एस.एस.जैन सुबोध कॉलेज, एल.बी.एस. कॉलेज, आईसीजी गल्र्स, लाचू मेमोरियल कॉलेज जोधपुर, जे.डी.बी. कन्या कॉलेज, मीरा कन्या महाविद्यालय, राजकीय पीजी कॉलेज दौसा। इसके अलावा अजमेर, जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, झालावाड़, कोटा, भीलवाड़ा, जोधपुर, उदयपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेजों में संपर्क कर सकते हैं। द्वितीय चरण का रोजगार मेला फरवरी-मार्च में जयपुर में आयोजित किया जाएगा।