|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जस्टिस राजीव गुप्ता हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस होंगे। इस संबंध में शुक्रवार को यहां आदेश पहुंचा। वे अभी उत्तरांचल हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस हैं। यहां के कार्यवाहक चीफ जस्टिस जगदीश भल्ला के हिमांचल प्रदेश का सीजे बनने के बाद वे उनकी जगह आ रहे हैं। यहां पर लगभग साल भर का कार्यकाल पूरा करने के बाद कार्यवाहक चीफ जस्टिस जगदीश भल्ला का तबादला हिमांचल प्रदेश के चीफ जस्टिस पद पर किया गया है।
हिमांचल प्रदेश के चीफ जस्टिस विनोद गुप्ता उत्तरांचल हाईकोर्ट और उत्तरांचल हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राजीव गुप्ता छत्तीसगढ़ के सीजे बनकर आ रहे हैं। आज दोपहर लगभग एक बजे जस्टिस भल्ला के हिमांचल तबादले और जस्टिस गुप्ता की नियुक्ति संबंधी फैक्स यहां पहुंचा। इसके बाद कार्यवाहक चीफ जस्टिस भल्ला सेकंड हाफ में कोर्ट में नहीं बैठे।
बताया जा रहा है कि वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायपुर गए हैं। रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे फैक्स के अनुसार नए सीजे दो फरवरी या इसके पहले यहां आकर पदभार संभालेंगे। उधर जस्टिस भल्ला का विदाई कार्यक्रम भी अभी तय नहीं है। नए सीजे के आने की तारीख तय होने के बाद ही उनका विदाई कार्यक्रम तय होने की संभावना है।
गौरतलब है कि जस्टिस भल्ला के तबादले के संबंध में पिछले कुछ महीनों से अटकलें लग रही थीं। राष्ट्रपति के दस्तखत के बाद गुरुवार को तबादला आदेश जारी कर दिया गया। कल यहां आदेश न पहुंचने पर उहापोह की स्थिति थी। हालांकि हिमांचल प्रदेश हाईकोर्ट में जस्टिस भल्ला की नियुक्ति का आदेश पहुंच गया था।