|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. परसदा स्थित शिवम मोटर्स में खड़ी सिटी बसों को देखने निकले कलेक्टर सुबोध सिंह तिफरा फाटक में लगे जाम में गुरुवार को आधे घंटे तक फंसे रहे। सूचना होने के बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की मशक्कत के बाद ही वे परसदा पहुंच सके। तिफरा फाटक में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के चलते यहां रोज दो से तीन बार तो जाम की स्थिति बनती ही है। यह समस्या आने-जाने वाले वाहनों के लिए व्यवस्थित रास्ता न उपलब्ध कराए जाने के कारण ही हो रही है।
दोपहर एक बजे के आसपास कलेक्टर सुबोध सिंह भी इस समस्या से खुद रूबरू हुए। उनके साथ एसडीएम संजय अग्रवाल भी मौजूद थे। परसदा स्थित शिवम मोटर्स में पहुंची सिटी बसों को देखने के लिए श्री सिंह कलेक्टोरेट से निकले थे। उनकी कार महाराणा प्रताप चौक के पहले ही फाटक में लगे जाम के चलते फंस गई। तकरीबन आधे घंटे तक यह स्थिति बनी रही।
इसी बीच फाटक में मौजूद यातायात थाने के सिपाहियों को इसकी जानकारी हुई और पुलिस कर्मी जाम में फंसे वाहनों को व्यवस्थित करने के प्रयास में जुट गए। कलेक्टर श्री सिंह व एसडीएम अग्रवाल के वाहन को तिफरा फाटक पार करने में 45 मिनट का समय लगा। इसके बाद वे शिवम मोटर्स पहुंचे। उन्होंने शिवम मोटर्स में सिटी बस के संबध में जानकारी ली। इन बसों के ड्राइवर व कंडेक्टर को शहर के हिसाब से विशेष प्रशिक्षण दिया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने इनसे भी बातचीत की और सड़कों के हिसाब से वाहन चलाने की समझाइश दी। इस दौरान उनके साथ एसपी प्रदीप गुप्ता भी मौजूद थे। आधे घंटे तक वहां रहने के बाद श्री सिंह वापस रवाना हो गए। लौटते समय एक बार फिर उन्हें तिफरा फाटक बंद होने के कारण कुछ देर का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद श्री सिंह आरटीओ आफिस पहुंचे।
वहां सीटी बसों के लिए बनाए जा रहे कार्यालय व बसों की साफ-सफाई के संबध में जानकारी ली और अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किए। इस दौरान वहां महापौर अशोक पिंगले भी पहुंच गए थे। सारी तैयारियों का जायजा लेने के बाद श्री सिंह वापस लौट गए।