|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. पुलिस सूत्रों के मुताबिक मस्तूरी थाना क्षेत्र के पचपेड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम जलसों निवासी 70 वर्षीय कार्तिकराम सूर्यवंशी रोज की तरह गुरुवार की रात भी अपने खेत की रखवाली करने के लिए वहां गया। खेत में ही एक छोटा सा लकड़ी का कमरा बनाकर वह रात को वहां रखवाली करने के लिए सोता था। लाश के पास ग्रामीण की टूटी हुई लाठी मिली है। पुलिस हत्या का जुर्म दर्ज कर मामले की तहकीकात में जुट गई है।
सुबह उठकर वह घर वापस लौट जाता था। शुक्रवार की सुबह वह अपने निर्धारित समय पर घर वापस नहीं लौटा। काफी देर होने पर उसका 38 वर्षीय बेटा बाल गोविंद उसे खोजने के लिए खेत पहुंचा। कार्तिकराम अपने कमरे में नहीं मिला। इस पर उसके पुत्र ने आवाज लगाना शुरू कर दिया। वह उसे खेत और आसपास के इलाके में तलाशने लगा। काफी देर खोजबीन करने के बाद वह खेत से कुछ दूरी पर भरारी बंधान के पास पहुंचा। वहां पर पानी में कार्तिकराम की लाश पड़ी हुई थी। उसके सिर पर चोट के निशान थे।
शव देखकर वह घबरा गया और आसपास रहने वालों को आवाज देकर बुलाया। इस बीच किसी ने पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी। तत्काल घटनास्थल के लिए पुलिस बल रवाना किया गया। शव के सिर पर लाठी से कई बार वार करने के निशान थे। शव से कुछ दूर पर कार्तिक राम की टूटी हुई लाठी पड़ी हुई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।