|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. क्राइम ब्रांच ने एक निगरानीशुदा बदमाश से बड़ी मात्रा में नाइट्रा की टेबलेट और नारफीन इंजेक्शन बरामद किए। वहीं रात को व्यापार विहार के पास दबिश देकर एक ट्रांसपोर्टर के घर से 1700 लीटर मिट्टी तेल जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक एडिशनल एसपी बद्रीनारायण मीणा को मुखबिर से सूचना मिली कि सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी 40 वर्षीय सुरेश गौरहा पिता कुशल प्रसाद के घर में बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और टेबलेट रखे हुए हैं।
इस पर उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम को इसकी सूचना दी और उन्हें दबिश देने के लिए कहा। दोपहर लगभग 3 बजे क्राइम ब्रांच के आरक्षक हेमंत सिंह, बलबीर सिंह, अशोक कश्यप, जितेश सिंह व जय साहू सुरेश के घर पर पहुंचे। वह उस समय घर पर ही मौजूद था। घर की तलाशी लेने पर वहां से पांच पैकेटों में रखे कुल 502 टेबलेट नाइट्रा और 53 नग नारफीन के इंजेक्शन बरामद किए। उसे गिरफ्तार कर सरकंडा थाने के सुपुर्द कर दिया गया।
शाम को एएसपी श्री मीणा को मुखबिर से खबर मिली कि व्यापार विहार इलाके में एक ट्रांसपोर्टर ने बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मिट्टी तेल का भंडारण कर रखा है। इस पर उन्होंने फिर से उसी टीम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत व्यापार विहार के लिए रवाना हुई। दीनदयाल गार्डन के पास ट्रांसपोर्टर दिलीप चौधरी का घर है। इसके सामने हिस्से में ही उसने अपना आफिस बना रखा है।
क्राइम ब्रांच की टीम लगभग रात 10 बजे उसके घर पहुंची। उस समय वह घर पर ही मौजूद था। घर की तलाशी लेने पर 7 प्लास्टिक के ड्रम और 1 टिन के ड्रम में रखा कुल 1700 लीटर मिट्टी तेल बरामद किया गया। इस संबंध में पूछताछ करने पर दिलीप संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। घर से 7-8 खाली ड्रम भी मिले। क्राइम ब्रांच ने मिट्टी तेल के परिवहन में उपयोग किया जाने वाला एक आपे थ्री व्हीलर भी जब्त कर लिया। उसे गिरफ्तार कर तारबाहर पुलिस को सौंप दिया गया।
पहले भी पकड़ा गया था सुरेश
लगभग तीन-चार माह पहले भी सुरेश को नशीले इंजेक्शन और टेबलेट के साथ पकड़ा गया था। उस समय भी उसके पास से लगभग 500 नशीले टेबलेट बरामद किए गए थे। वह निगरानीशुदा बदमाश भी है। सरकंडा थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।