|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मध्यप्रदेश राज्य मानव अधिकार आयोग के सदस्य विजय शुक्ला शुक्रवार को केन्द्रीय जेल का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। औचक निरीक्षण के बाद उन्होंने जेल में बंदियों के पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यो की प्रशंसा की और बंदियों के उपचार के संबंध में जेल अधीक्षक से चर्चा की।
केन्द्रीय जेल पहुंचे श्री शुक्ला ने सबसे पहले जेल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां स्वास्थ्य लाभ ले रहे बंदियों से बातचीत की और इनकी स्वास्थ्य सुधार के संबंध में जेल अधीक्षक केपी श्रीवास्तव से चर्चा की। इसके बाद वे जेल की किचन, पाठशाला, लाइब्रेरी, बंदी बैरकों का निरीक्षण किया।
पाठशाला में गायत्री परिवार द्वारा चलाए जा रहे जन पुरोहित प्रशिक्षण के अन्तर्गत बंदी अभ्यास कर रहे थे, साक्षरता मिशन के अन्तर्गत भी बंदियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। लाइब्रेरी में किताबों के संग्रह की सराहना करते हुए उन्होंने लाइब्रेरी को व्यापक बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जेल में बंदी व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर समय का सदुपयोग कर रहे हैं यह खुशी की बात है।
यह प्रशिक्षण उनके पुनर्वास में सहायक होगा। महिला वार्ड में उन्होंने जरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया। उन्होंने बंदी बैरकों को निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने विजिटर बुक में जेल की व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की बात लिखी। निरीक्षण के अवसर पर जेलर पीएस बड़ेरिया, पीएल लबाना, जेल मेडिकल ऑफिसर डा. एके सिंह, उपजेलर आरके शर्मा, एसके शर्मा, जयराज कुबेर आदि मौजूद थे।