|
अजमेर. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री नरपतसिंह राजवी ने ग्रामीण क्षेत्रों में नियुक्त लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। वे शुक्रवार को जयपुर में राज्य के संयुक्त निदेशक, सीएमएचओ और एडीशनल सीएमएचओ की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक से लौटे एडीशनल सीएमएचओ डॉ. लक्ष्मण हरचंदानी ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री राजवी ने काम करने नहीं करने वाले डॉक्टरों को साइड में कर दिया जाएगा।
जो चिकित्सक बेहतर सेवाएं देंगे उन्हें तरक्की के बेहतर अवसर दिए जाएंगे। इस मौके पर महकमे के सचिव आर के मीणा ने चिकित्सा अफसरों को पुरुष नसबंदी के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। मीणा ने कहा कि लोगों को झूठे प्रलोभन नहीं दिए जाएं, राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली 1100 रुपए की प्रोत्साहन राशि के बारे में ही बताया जाए।
उन्होंने पुरुष नसबंदी के संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक सीएमएचओ और आरसीएचओ की जिम्मेदारियां भी तय करने की हिदायत दी है। आरसीएच कैंपों में दवाएं नहीं मिलने की शिकायत पर भी उन्होंने चिकित्सा अफसरों पर नाराजगी जताई।
अजमेर चौथे नंबर पर
राज्य में अजमेर जिला पुरुष नसबंदी में चौथे नंबर पर आया है। नागौर जिले में पिछले साल कुछ नसबंदी ऑपरेशन फैल हो जाने पर वहां लक्ष्य पूरे नहीं हो रहे हैं। इस पर नागौर सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि उनके जिले के सर्जनों को प्रशिक्षण के लिए जेएलएन अस्पताल भेजा जाए।
राशि खर्च नहीं हो रही
महकमे के निदेशक ने सभी सीएमएचओ को निर्देश दिए हैं कि उनके पास राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और दूसरी योजनाओं में आया हुआ पैसा बैंक खातों में पड़ा है। उन्होंने सीएमएचओ को इस राशि को गरीब लोगों को स्वास्थ्य सेवा देने में खर्च करने के निर्देश दिए।