|
किशनगढ़. शादी नहीं होने ने निराश प्रेमी युगल ने शुक्रवार को खुदकुशी कर ली। मरवा गांव में दोनों ने जहर का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को यज्ञनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर युवती की मौत हो गई। इधर युवक ने जेएलएन अस्पताल में दम तोड़ दिया। दोनों सगाई होने के बावजूद अपनी शादी नहीं होने से निराश थे। परिवारजनों ने समान गोत्र होने के कारण उनकी शादी करने से इनकार कर दिया था।
मानपुरा (रूपनगढ़) निवासी मुकेश (22) पुत्र गणोश शर्मा किशनगढ़ के मार्बल एरिया में मजदूरी करता था। दो वर्ष पहले युवक मोरडा (नरैना) गया था। वहां पर उसे पड़ोस में रहने वाली राधा (16) नामक युवती से प्यार हो गया था। करीब एक साल पहले दोनों ने घरवालों के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
इसके बाद दोनों की सगाई भी हो गई, लेकिन एक महीने पहले इस बात का खुलासा हुआ कि मुकेश की दादी के ननिहाल वालों तथा राधा के परिवारजनों का गोत्र समान है। इस कारण दोनों के परिवारजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया। इस बात से क्षुब्ध राधा और मुकेश ने साथ-साथ मरने की योजना बना ली। इसके बाद मुकेश परबतसर चला गया।
वहां पर उसने सेल्फोस की शीशी खरीदी राधा को मोरडा के समीप मरवा गांव में बुलाया। यहां पर दोनों ने सेल्फोस की पांच-पांच गोली का सेवन कर लिया। इसके बाद दोनों अचेत होकर मौके पर ही गिर गए। ग्रामीणों ने दोनों को राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने राधा को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुकेश की हालत गंभीर होने पर उसे जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। नरैना थाना पुलिस ने अस्पताल में मुकेश के बयान दर्ज किए।
साथ जी नहीं पाए तो..
मुकेश ने अपने बयान में कहा कि वह राधा से शादी करना चाहता था लेकिन परिवारजनों के इनकार करने के बाद दोनों ने साथ मरने का कदम उठाया। बयान देने के कुछ देर बाद ही मुकेश ने भी दम तोड़ दिया।
युवती का शव सौंपा
नरैना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद राधा का शव परिवाजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मुकेश का शव जेएलएन अस्पताल के चीरघर में रखवा दिया गया है।