|
अजमेर.
राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शहर को नगर निगम का दर्जा देने का रास्ता साफ हो गया है। कलेक्टर ने नगर परिषद के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। समारोह से पहले डीएलबी द्वारा अधिसूचना से संबंधित कार्रवाई होने के आसार हैं। नगर परिषद प्रशासन द्वारा पेराफेरी क्षेत्र के 18 गांवों को शहर की सीमा में शामिल करने के प्रस्ताव को कलेक्टर नवीन महाजन ने जस का तस मान लिया है।
कलेक्टर ने इस संबंध में 18 गांवों को अजमेर नगर परिषद सीमा में शामिल करने की सिफारिश स्वायत्त शासन विभाग के विधि परामर्शी अधिकारी से कर दी है। डीएलबी द्वारा अनुशंषा के बाद इन गांवों को शहर में सामिल करने के संबंध में अधिसूचना से संबंधित कार्रवाई अगले सप्ताह में शुरू कर दी जाएगी। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सीएम द्वारा अजमेर शहर को नगर निगम का दर्जा देने की घोषणा भी प्रस्तावित है।
उल्लेखनीय है कि तहसील के राजस्व सर्वे के आधार पर नगर परिषद के सीइओ अंबरीश कुमार ने पेराफेरी क्षेत्र के माकड़वाली, लोहागल, कायड़, भूणाबाय, कांकरदा, घूघरा, रसूलपुरा, नारेली, मदारपुरा, सेदरिया, सोमलपुर, बोराज, काजीपुरा, हाथीखेड़ा, किरानीपुरा, बड़गांव, तबीजी तथा दौराई गांव को शहर सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा था।
इन गांवों की आबादी लगभग पचास हजार है। सन् 2001 की जनगणना के मुताबिक परिषद क्षेत्र की जनसंख्या 4.87 लाख थी। नगर निगम के लिए पांच लाख की आबादी होना आवश्यक है।
घोषणा 24 को संभव
सार्वजनिक निर्माण मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का तीन दिवसीय अजमेर दौरा शहरवासियों के लिए यादगार सबित होगा। 24 जनवरी को यहां होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में अजमेर को नगर निगम बनाने का फैसला भी हो सकता है। शुक्रवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि बैठक में शहर सहित प्रदेश के दूसरे जिलों के लिए भी कई अहम घोषणाएं की जाएंगी। कैबिनेट बैठक, जनसुनवाई, सांस्कृतिक, एटहोम तथा मुख्य समारोह की तैयारियों पर संतोष जताते हुए उन्होंने ने कहा कि 21 जनवरी तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
.. तो अफसरों की खैर नहीं
राठौड़ ने विभाग के अफसरों को आगाह किया कि सौंदर्यन, सड़क निर्माण आदि कार्यो में कतई कोताही न बरतें। उन्होंने चेताया कि अगर मुख्यमंत्री ने किसी काम पर नाराजगी जताई तो उनकी खैर नहीं।
कवायद
सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने कहा, यादगार होगा शहर के लिए सीएम का दौरा।