|
बीकानेर. बीकानेर के एसपी हवासिंह घुमरिया ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेवारी निभानी होगी। काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीकानेर जिले का कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी घुमरिया ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी की उसके पद के अनुसार जिम्मेवारी तय की गई है। उसे अपना काम ईमानदारी से करना होगा।
उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाएगा और आमजन के परिवादों पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। झूठी शिकायतें करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। शराब की दुकानें निर्धारित समय पर बंद करवाई जाएंगी और देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बाहर से आकर बसे लोगों का रिकार्ड तैयार करवाया जा रहा है। एसपी घुमरिया ने कहा कि जिले में हुई किसी भी वारदात की सूचना कंट्रोल रूम में होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस अधिकारियों व एसएचओ को पाबंद किया जाएगा। एसपी ने कार्यभार संभालने के बाद आईजी लक्ष्मण मीणा व जिला कलेक्टर अलोक गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने मीटिंग आयोजित कर पुलिस अधिकारियों से जिले की कानून-व्यवस्था की जानकारी ली। घुमरिया वर्ष, 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और पूर्व में बाड़मेर, बूंदी, पाली व जोधपुर जिले में रहे हैं।
अपराध रोकने के लिए खुलेगी ‘डोजियर’
जिले के प्रत्येक पुलिस थाना क्षेत्र में अपराध रोकने के लिए लोगों की ‘डोजियर’ तैयार की जाएगी और पुलिसकर्मी उन पर नजर रखेंगे। बीकानेर जिले का कार्यभार संभालने के बाद पहली मीटिंग में एसपी हवासिंह घुमरिया ने इस संबंध में सभी एसएचओ को निर्देश दिए हैं। एसपी घुमरिया ने कहा है कि जो आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं, उनकी ‘डोजियर’ खोली जाए।
इससे उन लोगों का नाम-पता व संपूर्ण जानकारी पुलिस के पास रहेगी। थाना के पुलिसकर्मी उनकी हरकतों पर नजर रखेंगे। एसपी ने समय पर काम करने, हार्डकोर क्रिमिनल्स व केस ऑफिसर स्कीम में आने वाले अपराधियों को रिव्यू, संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा रात्रिकालीन गश्त मुस्तैदी से करने के लिए कहा है।
उन्होंने मुकदमों में निष्पक्ष कार्रवाई करने की हिदायत देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं होने चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कम्यूनिकेशन गेप न रखकर दबाव में आए बिना काम करने के लिए कहा। मीटिंग में एएसपी अनिल कुमार टाक सहित जिले के सीओ व एसएचओ मौजूद थे।