|
कोटा. रिलायंस पावर के आईपीओ में कोटा के निवेशकों ने 70 करोड़ रुपए का दांव खेला है। इसे इश्यू के लिए कलेक्शन सेंटर पर शुक्रवार रात 11.00 बजे तक करीब 18 हजार एप्लीकेशन आ चुके थीं। जब से रिलायंस पावर के पब्लिक इश्यू की घोषणा हुई है, तब से निवेशकों में काफी उत्साह था। इस दौरान करीब 7 हजार नए डीमेट अकाउंट खुले। वहीं नए और पुराने निवेशकों ने मिलकर इसमें 70 करोड़ रुपए निवेश किया है।
आईपीओ खुलने से बंद होने तक शहर में शहर के तीन प्रमुख सेंटरों पर एप्लीकेशन देने वालों की शुक्रवार को इश्यू बंद होने के अंतिम दिन भी भीड़ लगी रही। हालांकि सेबी ने इस इश्यू की एप्लीकेशन के लिए रात 11.30 बजे तक जमा कराने की छूट दे दी है, जबकि अन्य इश्यू शाम 5.30 बजे ही बंद कर दिए जाते हैं।
बाजार विश्लेषकों का दावा है कि पिछले चार दिन में शेयर सूचकांक 2300 अंक नीचे आने के बावजूद रिटेल बाजार में यह इश्यू 15-20 गुना हो जाएगा। एक लाख के निवेश पर 15 शेयर मिलने का अनुमान है। जिस दिन आईपीओ आया उसी दिन ग्रे माकेट टूट गया था। पहले दिन जहां इसका मार्केट 10000 चल रहा था, जो बाद में घटकर चौथे दिन 4000 रह गया।
चौथे दिन भी इंडेक्स टूटा
अमरीका और एशियन शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण बाजार चौथे दिन 687 अंक टूट कर 19013.70 पर टिका। इससे निवेशकों में मायूसी रही। इसके बावजूद रिलायंस के आईपीओ में अच्छा निवेश हुआ है।
दो नए इश्यू और
निवेशकों के लिए एक इश्यू जे. कुमार इन्फ्रा शुक्रवार को खुल चुका है। और यह 23 को बंद होगा। इसी तरह कॉर्डस केबल इंडस्ट्री का नया पब्लिक इश्यू 21 को खुलेगा और 24 को बंद होगा।
>> रिलायंस पावर के पब्लिक इश्यू में कोटा में 18 हजार एप्लीकेशन आई है, जिसमें निवेशकों ने 70 करोड़ रुपए का निवेश किया है।
अमित विजय, इंचार्ज एक्सिस बैंक कलेक्शन सेंटर
>> पिछले चार दिन में हमारे यहां इस आईपीओ की 650 एप्लीकेशन आई है। अंतिम दिन भी जमा कराने वालों की भीड़ रही।
अनिल मंत्री, सुरेश राठी सिक्युरिटीज
>> रिलायंस आईपीओ निवेश के लिए की एप्लीकेशन देने वालों की अंतिम दिन भी भीड़ लगी रही। चार दिन में करीब 1000 एप्लीकेशन आई है।
आर. बी. विजय, अरिहंत केपिटल
>> इस आईपीओ के प्रति निवेशकों में गजब का उत्साह रहा है। हमारे यहां पिछले चार दिन में करीब 7 हजार एप्लीकेशन आई हैं।
जेके जैन, बरखा इंवेस्टमेंट