|
कोटा.
कोटा डोरिया साड़ियों को विश्व पटल पर पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए जा रहे कॉमन फेसिलिटी सेंटर का निर्माण कैथून में शनिवार से शुरू हो जाएगा। शिलान्यास वाली 48 बीघा भूमि में से 11 बीघा निर्विवादित भूमि पर कॉमन फेसिलिटी सेंटर का निर्माण कार्य शुरू होगा।
सेंटर का स्थान परिवर्तित नहीं किया जा रहा है। इसके लिए 48 बीघा जमीन भविष्य में होने वाले विस्तार को देखते हुए चिन्हित की गई थी। इसमें से करीब 35 बीघा जमीन पर अदालत का स्टे होने के कारण यह काम अब तक रुका हुआ था। रीको ने नए स्थल का प्रस्ताव भी भेज दिया था, लेकिन अब इसका स्थान बदलने की जगह गैर विवादित जगह पर ही निर्माण किया जाएगा।
कैथून पालिकाध्यक्ष योगेंद्र नंदवाना ने बताया कि भूमि का विवाद अदालत में चल रहा है, जिसकी शनिवार को सुनवाई है। जिस भूमि पर विवाद है, वहां निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा। अदालत के फैसले के बाद ही वहां कुछ किया जा सकता है। फिलहाल गैरविवादित शेष भूमि पर ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस दौरान शनिवार को रीको और रूडा के अधिकारी भी कैथून आएंगे और निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कराएंगे।
खुशी जाहिर की
कैथून में कॉमन फेसिलिटी सेंटर 11 बीघा में बनने की खबर से अदालत में वाद दायर करने वाले किसानों ने खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि वे भी विवाद नहीं चाहते हैं। न्यायालय प्रक्रिया में नहीं उलझकर सुलह चाहते हैं।
यदि 11 बीघा में निर्माण होता है तो किसी को कोई आपत्ति नहीं है, वे अपना केस वापस ले सकते हैं। काश्तकार ज्ञानसिंह और उनके वकील राघवेंद्रपालसिंह का कहना है कि उनकी भूमि पर निर्माण नहीं होता है तो किसान अपना मुकदमा वापस ले लेंगे।
रिसोर्स सेंटर से मिलने वाली सुविधाएं
कॉमन प्री लूम प्रोसेस
कॉमन डाइंग सुविधा
क्वालिटी टेस्टिंग सुविधा
प्रशिक्षण की व्यवस्था
डिस्प्ले केन्द्र
डिजाइन स्टूडियो