|
कोलकाता/नई दिल्ली/ जकार्ता. पश्चिम बंगाल में बर्ड फ्लू के खिलाफ राज्य सरकार के एहतियाती कदमों को नाकाफी बताते हुए केंद्र ने जहां असंतोष जताया है, वहीं प्रदेश शासन ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा किया है।
इस बीच केंद्र सरकार ने तय किया है कि राज्य के जिन इलाकों में भी इसका संक्रमण फैलने का संदेह है, वहां बीमारी की पुष्टि किए बगैर ही पक्षियों को मारने का काम शुरू किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि एवं खाद्य मंत्री शरद पवार ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘बर्ड फ्लू का संक्रमण प्रभावित इलाकों से सटे अन्य जिलों में भी फैलता जा रहा है, इसलिए नमूना जांच की पुष्टि के बगैर ही पक्षियों को मारने का काम शुरू करने का फैसला लिया गया है।’
नियंत्रण का दावा :
उधर बर्ड फ्लू से प्रभावित पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य द्वारा स्थिति को अत्यंत गंभीर बताने के ठीक एक दिन बाद ही प्रदेश के पशु संसाधन मंत्री अनीसुर रहमान ने शनिवार को स्थिति में पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा किया है।
केंद्र असंतुष्ट :
केंद्र सरकार प. बंगाल में बर्ड फ्लू से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए एहतियाती कदम से संतुष्ट नहीं है। इस मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री पी लक्ष्मी ने कहा, ‘हम बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं।’ उन्होंने कहा कि पोल्ट्री फार्म के मालिकों को मुआवजे की राशि उचित ढंग से वितरित नहीं की जा रही है।
फैल रही है बीमारी :
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बीरभूम जिले के शियुरी सब-डिवीजन के मोहम्मद बाजार में भी बर्ड फ्लू फैल गया है। राज्य में अब तक बीरभूम, दक्षिणी दिनाजपुर और मुर्शिदाबाद जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इन जिलों में मुर्गियां मारने का काम चौथे दिन भी जारी रहा।
पक्षियों की मौत, पुष्टि नहीं :
राज्य के बर्दवान, बांकुरा, कूच बिहार, नादिया, पुरुलिया और चौबीस परगना जिलों से पक्षियों की मौत के कई मामले प्रकाश में आए हैं, लेकिन केंद्र का दावा है कि पुरूलिया, कूच बिहार और नदिया जिलों में पक्षियों के खून के नमूनों की जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है।
सीमाएं सील :
पड़ोसी राज्य प.बंगाल में बर्ड फ्लू फैलने के बाद सीमावर्ती छत्तीसगढ़, झारखंड, मेघालय और सिक्किम राज्यों ने भी एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिया है। इन राज्यों ने दूसरे प्रदेशों से पोल्ट्री उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। मुर्गियों के खून के नमूने भी जांच के लिए भोपाल स्थित हाई सिक्योरिटी लैब भेजे गए हैं।
इंडोनेशिया में एक और मौत :
बर्ड फ्लू प्रभावित इंडोनेशिया में एच5एन1 वायरस के संक्रमण से एक और बच्चे की मौत हो गई है। इस तरह देश में बर्ड फ्लू से मरने वालों की तादाद बढ़कर 97 हो गई है। यह जानकारी इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को दी।