Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

इंदौर की महिला ने किया युवती का अपहरण

ग्वालियर. जादू-टोना कर प्रेमी से मिलाने का आव्श्रासन देकर युवती का अपहरण करने वाली एक महिला के खिलाफ मुरार पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस युवती को इंदौर से बरामद किया। अब पुलिस सिमरन नामक महिला की तलाश कर रही है।

टीआई मुरार देवेन्द्र सिंह कुशवाह के मुताबिक 28 नवंबर 2007 को थाटीपुर क्षेत्र से एक युवती लापता हुई थी। शनिवार को इस युवती ने महिला को झांसा दिया और फोन कर अपने परिचितों को बताया कि उसको अपहरण कर इंदौर में रखा गया है। पुलिस ने इस युवती को इंदौर पहुंचकर बरामद किया और महिला के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।

युवती ने मुरार पुलिस को अपने अपहरण की जो कहानी सुनाई उसे सुनकर पुलिस अफसर दंग रह गए। युवती ने बताया कि वह एक युवक से प्रेम करती थी, युवक और उसके बीच जातिभेद था इसलिए परिजन शादी के लिए राजी नहीं हुए तथा शादी कहीं और तय कर दी। बताया जाता है कि यह युवती 21 नवंबर को फूलबाग में अपने प्रेमी के इंतजार में बैठी थी, इसी दौरान एक महिला से इसकी मुलाकात हुई।

महिला ने उसे परेशान हाल देखकर संवेदना जताई और उसकी कहानी सुनने के बाद एक ताबीज दिया और कहा कि इसे पहनने के बाद घर वाले उसकी प्रेमी से शादी की बात मान जाएंगे अगर लाभ न हो तो वह रेलवे स्टेशन पर 28 नवंबर की दोपहर उससे मिले।

युवती 28 नवंबर को रेलवे स्टेशन पर पहुंची, यहां उसे सिमरन नामक वही महिला मिली और कहा कि उसे इंदौर ले जाकर कुछ न कुछ ऐसा उपाय करेगी जिससे उसकी शादी प्रेमी से हो जाए। महिला के झांसे में आई युवती उसके साथ इंदौर पहुंच गई। चूंकि युवती की शादी भी 30 नवंबर को तय थी इसलिए वह शादी से बचने के लिए महिला के साथ चलने को राजी हो गई।

इंदौर पहुंचने के बाद महिला सिमरन ने इसे अपने घर में रखा और नौकरानी की तरह काम कराने लगी। समय-समय पर वह बेहोशी के इंजेक्शन भी युवती को देती थी। विगत शनिवार की रात को युवती की तबीयत खराब हुई तो उसे बेहोशी का इंजेक्शन नहीं दिया गया, इसका लाभ उसने उठाया और रात को वहां से भाग निकली।

वह पंढरीनाथ थानाक्षेत्र स्थित एक पीसीओ पर पहुंची और अपने प्रेमी को फोन किया। प्रेमी ने पुलिस को सूचना दी और मुरार पुलिस ने इंदौर पुलिस के सहयोग से लापता युवती को बरामद कर लिया। अपहरण करने वाली महिला के पते-ठिकाने और काम के बारे में अपहृत युवती पुलिस को कुछ बता नहीं सकी। टीआई मुरार के मुताबिक अपहरणकर्ता महिला को ढूंढने के लिए पुलिस पार्टी इंदौर भी जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: