Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

नहीं आए एक्सपर्ट

ग्वालियर. किसान रथ को ग्रामीण अंचल में भ्रमण करते हुए सात दिवस व्यतीत हो चुके हैं लेकिन मृदा परीक्षण के एक्सपर्ट अभी तक ग्वालियर नहीं पहुंचे हैं। इसके अलावा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी रथ यात्रा से नदारद हैं।

किसान रथ यात्रा के दौरान मिट्टी के सैकड़ों नमूने परीक्षण के लिए प्राप्त हुए हैं लेकिन मृदा परीक्षण का काम चलित प्रयोगशाला में शुरू नहीं हुआ है। मृदा परीक्षण के लिए भोपाल मंडी बोर्ड की ओर से एक्सपर्ट भेजे जाने थे जो अब तक ग्वालियर नहीं आए हैं।

किसान रथ यात्रा में पशु चिकित्सा विभाग, उद्यानिकी, मत्स्य, विद्युत मंडल, महिला बाल विकास विभाग व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग सहित 15 विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल होना था लेकिन रथ यात्रा शुरू होने के एक सप्ताह बाद तक किसी विभाग का कोई कारिंदा गांव में नहीं पहुंचा है।

इस संबंध में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश दिए थे कि उनके महकमे का एक-एक प्रतिनिधि किसान रथ यात्रा के साथ रहे।

पानी व बिजली की सर्वाधिक शिकायतें

किसान रथ यात्रा के साथ उप संचालक कृषि जेएस यादव जब पारसेन गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने पीने के पानी व निस्तार की जरूरतों के लिए पानी की किल्लत से उन्हें अवगत कराया । ग्रामीणों ने पेयजल परिवहन तत्काल शुरू कराने की बात कही। बिजली कम मिलने की समस्या भी बहुतायत में किसानों ने समस्या पंजी में दर्ज कराई हैं।

ग्रामीणों का कहना था कि गांव के लिए छह घंटे से भी कम बिजली दी जा रही है। उसका भी कोई समय निर्धारित नहीं है। थ्री व सिंगल फेस के वोल्टेज भी जरूरत अनुसार नहीं मिल रहे हैं। नलकूपों का जलस्तर कम हो जाने से सिंचाई संकट गहराया हुआ है।

बीज उत्पादन व जैविक खेती पर जोर

सोमवार को चक दंगियापुरा, रनगवां, बेहट, सुपावली , तोर सहित हस्तिनापुर गांव में किसान रथ यात्रा का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को बीज उत्पादन करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

ग्राम हस्तिनापुर में यात्रा के रात्रि विश्राम के दौरान कृषक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए रथ यात्रा के प्रभारी व एडीओ मधुसूदन सिंह तोमर, एसएस दीक्षित, केपी राणा व बालाराम राठौर ने किसानों को कम पानी में अधिक सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर, पाइप लाइन, नलकूप व खेत तालाब तथा बलराम तालाब योजना में अनुदान लाभ की जानकारी दी। बायोगैस संयंत्र, फसल व पशु बीमा योजना सहित मुख्यमंत्री श्रमिक सुरक्षा योजना के बारे में बताया। 22 जनवरी को रथ यात्रा ग्राम हस्तिनापुर से चलकर डबका, टिहौली, उटीला, डगरु, पंचमपुरा व बस्तरी पहुंचेगी तथा ग्राम जौरासी में रात्रि विश्राम करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: